आगरालीक्स …..आगरा में नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले खांसी के सीरप के अवैध कारोबार के आरोप में ट्रांसपोर्ट कारोबारी अरेस्ट। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एनसीबी की टीम ने पॉश कॉलोनी से ट्रांसपोर्टर को किया अरेस्ट।
पश्चिम बंगाल में खांसी के लिए इस्तेमाल होने वाले खांसी के सीरप का अवैध कारोबार आगरा से पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में चल रहा है। ऐसे ही एक मामले में दो साल पहले पश्चिम बंगाल में एक ट्रक से 24 हजार खांसी के सीरप पकड़े गए, ट्रक चालक को टीम ने अरेस्ट कर लिया। इस मामले की जांच में पश्चिम बंगाल में ट्रक मालिक जयपुर हाउस, आगरा निवासी नमनदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। नशे से जुड़ा मामला होने के चलते एनसीबी पश्चिम बंगाल मामले की जांच कर रही है, इस मामले में कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हुए थे।

ट्रांजिट रिमांड पर ले गई एनसीबी की टीम
गुरुवार को एनसीबी पश्चिम बंगाल और लखनऊ की टीम ने कार्रवाई की, टीम ने जयपुर हाउस से ट्रांसपोर्ट कारोबारी नमनदीप को हिरासत में ले लिया। थाना लोहामंडी के प्रभारी देवेंद्र शंकर पांडेय ने मीडिया को बताया कि एनसीबी की टीम ने जयपुर हाउस निवासी नमनदीप को कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट में एनसीबी पश्चिम बंगाल की टीम ने ट्रांजिट रिमांड को प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद टीम नमनदीप को अपने साथ ले गई।
आगरा से बांग्लादेश सहित कई राज्यों में दवाओं का अवैध कारोबार
फव्वारा दवा बाजार से बांग्लादेश सहित कई राज्यों में दवाओं का अवैध कारोबार चल रहा है। नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले खांसी के सीरप सहित अन्य दवाएं अवैध रूप से बाहर भेजा जा रहा है। कई बार टीम कार्रवाई कर चुकी हैं। पिछले दिनों एनसीबी दिल्ली की टीम ने दो दर्जन दवा कारोबारियों को नोटिस दिए थे, इसकी भी जांच चल रही है।