आगरालीक्स…आगरा के इंडस्ट्रियल एरिया में बहता है नालों का पानी. बारिश में जलभराव हो जाता है, निकल भी नहीं पाते…आगरा के उद्यमियों ने मंत्री नंदी को बताई समस्याएं…निरीक्षण में भी मिलीं खामियां
देश का ग्रोथ इंजन बनने की ओर अग्रसर एवं असीम सम्भावनाओं वाले उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को और गति प्रदान करने एवं उद्योगों के विकास में उद्यमियों के सामने आ रही समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने औद्योगिक क्षेत्रों में जाकर उद्यमियों से संवाद की शुरूवात की। जिसके तहत औद्योगिक विकास मंत्री नन्दी ने बुधवार को आगरा के होटल सूर्या में आगरा एवं अलीगढ़ के प्रमुख उद्यमियों के साथ संवाद किया। उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। वहीं आगरा के फाउण्ड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में साफ-सफाई, औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के साथ ही उद्यमियों को मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने में लापरवाही बरतने पर यूपीसीडा के अधिशासी अभियंता स्योदान सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि का आदेश देने के साथ ही क्षेत्रीय प्रबंधक चंद्रकेश मौर्या को चेतावनी दी।
औद्योगिक क्षेत्रों के विकास में लापरवाही कत्तई बर्दाश्त नहीं की जाएगी:नन्दी
समाधान दिवस के अंतर्गत औद्योगिक विकास विभाग की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आगरा एवं अलीगढ़ के उद्यमियों से संवाद के दौरान मंत्री नन्दी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास एवं प्रदेश की आर्थिक उन्नति के लिए पूर्ण रूप से उद्यमियों के साथ है। उद्योगों एवं औद्योगिक क्षेत्रों के विकास में किसी भी स्तर पर किसी भी तरह की लापरवाही कत्तई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा लापरवाही की शिकायत आएगी, उसके खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री नन्दी ने उद्यमियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार विरासत को सम्भालते हुए विकास की राह पर चल रही है। 2017 के पहले जिस उत्तर प्रदेश की पहचान एक बीमारू राज्य के रूप में होती थी। आज वही उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बनने की ओर अग्रसर है। पिछली सरकारों में जहां प्रदेश के उद्यमी पलायन कर रहे थे, वहीं हमारी सरकार में बड़े पैमाने पर देश एवं विदेश के निवेशक असीम सम्भावनाओं वाले प्रदेश उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए स्वयं आगे आ रहे हैं।
उद्यमियों ने बताई समस्याएं
होटल सूर्या में संवाद के दौरान आगरा एवं अलीगढ़ के उद्यमियों ने मंत्री नन्दी को औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था न होने एवं शिकायतों व समस्याओं का त्वरित निस्तारण न होने की शिकायत की। उद्यमियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था नहीं है। नाला-नाली भी समुचित तरीके से नहीं बनाए गए हैं, जिससे जल निकासी बेहतर हो सके। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या एक बड़ी समस्या बन जाती है। औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत की भी शिकायत की गई। साथ ही पीने के पानी का भी बेहतर इंतजाम न होने की समस्या उद्यमियों ने बताई। कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति की कोई व्यवस्था न होने वहीं कई स्थानों पर खारा पानी की आपूर्ति होने की शिकायत की गई। हाईमास्ट और रोड लाइट की भी बेहतर व्यवस्था न होने की समस्या उद्यमियों ने गिनाई। कहा कि उद्यमियों से मेंटीनेंस चार्ज तो लिया जाता है, लेकिन मेंटीनेंस की व्यवस्था अच्छी नहीं है।
कॉमर्शियल प्लॉट आवंटित किए जाने की मांग
उद्यमियों ने मंत्री नन्दी से औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगों के साथ ही होटल, स्कूल-कॉलेज एवं हॉस्पिटल आदि स्थापित करने के लिए कॉमर्शियल प्लॉट आवंटित किए जाने की मांग की। साथ ही यह भी बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में अभी भी बड़े पैमाने पर प्रभावशाली लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। जिसे हटाया जाना चाहिए। उद्यमियों ने मथुरा के 340 एकड़ वाले एक औद्योगिक क्षेत्र में 150 एकड़ से अधिक भूमि पर कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। जिस पर मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर निस्तारण कराए जाने के निर्देश दिए।
अपडेट करें निवेश पोर्टल
उद्यमियों ने मंत्री नन्दी को बताया कि निवेश पोर्टल पर कई विषयों की विस्तृत जानकारी नहीं दी जाती है। जिसकी वजह से उद्यमी जो भी भुगतान कर रहे हैं, उसके पूरे मद की जानकारी उन्हें नहीं हो पाती है। जिस पर मंत्री नन्दी ने निवेश पोर्टल पर विस्तृत जानकारी अपडेट किए जाने और निवेश पोर्टल को उद्यमियों के लिए और सहज व सरल बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उद्यमियों ने मंत्री नन्दी से ब्याज माफी के साथ ही फीस माफ किए जाने का भी निवेदन किया।
निरीक्षण में मिली खामियां, नाराज हुए मंत्री
उद्यमियों के साथ संवाद के बाद मंत्री नन्दी अधिकारियों के साथ अचानक फाउण्ड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने औचक निरीक्षण किया। जहां साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही के साथ ही अन्य कई समस्याएं मिली। समस्याओं के निस्तारण के लिए खम्भों पर क्यूआर कोड का बोर्ड तो लगा था लेकिन किसी अधिकारी का नम्बर नहीं था। जिस पर मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को नम्बर लिखने के निर्देश दिए। फाउण्ड्री नगर में ही पार्क का निरीक्षण किया। जहां काफी लापरवाही मिली। मंत्री नन्दी ने अधिकारियों से कहा कि साफ-सफाई के साथ ही मूलभूत सुविधाओं के विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। औद्योगिक क्षेत्रों का समुचित विकास न करने, उद्यमियों की समस्याओं का गम्भीरता से निस्तारण न करने पर मंत्री नन्दी ने यूपीसीडा के अधिशासी अभियंता स्योदान सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि का आदेश देने के साथ ही क्षेत्रीय प्रबंधक चंद्रकेश मौर्या को चेतावनी दी।
इस अवसर पर सचिव औद्योगिक विकास प्रांजल यादव, एसीईओ यूपीसीडा चर्चित गौड़, उपमहाप्रबंधक यूपीसीडा राजीव त्यागी, एडीएम वित्त श्रीमती शुभांगी शुक्ला एवं अन्य अधिकारीगण के साथ ही आगरा एवं अलीगढ़ के सम्मानित उद्यमीगण उपस्थित रहे।