आगरालीक्स ….आगरा में सफाई, सीवर, पानी, स्ट्रीट लाइट की समस्या मेरा आगरा एप पर दर्ज कर सकेंगे, हाउस टैक्स से लेकर ई चालान का बिल, सिटी बस से लेकर ट्रेन की टिकट, ताजमहल, फतेहपुर सीकरी की टिकट भी एप से बुक कराई जा सकेगी। आगरा में दो जुलाई को मेरा आगरा एप लांच किया जा रहा है।
आगरा में सफाई, सीवर की समस्या से लेकर हाउस टैक्स सहित अन्य जनसुविधाओं के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। नगर निगम के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऐसे में नगर निगम द्वारा अहमदाबाद की सॉफ्टवेयर कंपनी से मेरा आगरा एप बनवाया गया है। यह कंपनी 28 जून को नगर निगम के कर्मचारियों को प्रशिक्षण देगी।

होटल से लेकर रेस्टोरेंट और गाइड की भी जानकारी
मेरा आगरा एप से लोग आगरा के होटल, रेस्टोरेंट से लेकर स्मारकों में सुविधा देने वाले गाइड के बारे में भी जानकारी ले सकेंगे। आगरा स्मार्ट सिटी के सीईओ निखिल टी फुंडे का कहना है कि सभी जन सुविधाओं को एप का हिस्सा बनाया गया है। जिससे लोग आनलाइन अपनी समस्याओं का निस्तारण करा सकें।
शहर के कार्यक्रमों की भी सूचना
मेरा आगरा एप के माध्यम से लोग आगरा में होने वाले कार्यक्रमों की भी सूचना ले सकेंगे, इसकी भी सुविधा दी जाएगी। लोग खुद ही कार्यक्रम के बारे में एप पर जानकारी दे सकेंगे।