आगरालीक्स….आगरा में अब सड़क के गड्ढों को भरने के लिए आई पोर्टेबल रिपेयेरिंग मोबाइल मशीन. झट से भर देगी गड्ढे. ताजगंज में शुरू हुआ ट्रांसफर स्टेशन
शहर को अब आसानी से गड्ढा मुक्त किया जा सकेगा। अब इसके लिए अलग से टेंडर उठाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इसके लिए नगर निगम द्वारा गुरुवार को आगरा में पहली बार रोड रिपेयरिंग मोबाइल मशीन का ट्रायल किया गया। ट्रायल का शुभारंभ महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने किया।
महापौर ने बताया कि शहर की सड़कों में गड्ढे होने से शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन अब नगर निगम द्वारा इन्फ्रारेड रिसाइक्लिंग पॉट होल्स रोड रिपेयरिंग मोबाइल मशीन द्वारा आसानी से गड्ढे भरे जा सकेंगे। इस मशीन को आसानी से कहीं भी लाया और ले जाया जा सकता है। जैसे ही सड़क में गड्ढा दिखेगा वैसे ही इस मशीन द्वारा सड़क के गड्ढों को भर दिया जाएगा। यह मशीन 1×2 मीटर के गड्ढों को रिपेयर कर सकता है। इसमें पैच रिपेयर के लिए मैटेरियल को रियूज भी किया जा सकता है। ट्रायल के दौरान अपर नगर आयुक्त श्री एसपी यादव, पर्यावरण अभियंता श्री पंकज भूषण सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ताजगंज में ट्रांसफर स्टेशन का हुआ शुभारंभ
ताजगंज क्षेत्र में महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने ट्रांसफर स्टेशन का शुभारंभ किया। इस ट्रांसफर स्टेशन में छह कंपैक्टर द्वारा क्षेत्र से कूड़ा कलेक्शन करके उसका निस्तारण किया जा सकेगा। महापौर ने कहा कि निगम की इस पहल से क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इस दौरान निगम के अधिकारीगण और क्षेत्रीय पार्षद मौजूद रहे।