आगरालीक्स…आगरा में स्कूलों की महंगी किताबें लेकिन बिल नहीं…बिना बिल के ही मनमानी कीमत वसूल रहे. अब टैक्स चोरी को लेकर सीजीएसटी अपर आयुक्त से शिकायत…ये की गई मांगें
न कोई सैलेबस और न कोई मानक। दिल्ली के प्राइवेट पब्लिसरों के नाम से किताबें छपवाकर पुस्तक विक्रेता अभिभावकों से मनमानी कीमत वसूल रहे हैं। सीजीएसटी की चोरी करने के साथ ही अभिभावकों को कई गुणा अधिक रेट पर किताब कॉपी वसूलने के लिए मजबूर कर रहे हैं। गुरुवार को अभिभावक संघ और श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी ने अपर आयुक्त, सीजीएसटी अजय मिश्रा को पुस्तक विक्रेताओं की मनमानी कीमत के बिल के साथ ज्ञापन सौंपा, उन्होंने टीम गठित कर जांच कराने का आश्वासन दिया है।
अभिभावक संघ संरक्षक, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी अध्यक्ष डॉ मदन मोहन शर्मा ने शहर के कई पुस्तक विक्रेताओं के बिल के साथ अपर आयुक्त अजय मिश्रा के संजय प्लेस स्थित कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा। उन्हें बताया कि पुस्तक विक्रेता मनमानी कीमत वसूल रहे हैं, नर्सरी का 3555, एलकेजी, 6330, यूकेजी 7070, कक्षा एक 5400, कक्षा दो का 5150 रुपये, कक्षा तीन 7550 सहित मनमानी कीमत वसूली जा रही है। एक पर्चे पर किताब कॉपी का नाम छपवाकर दिया गया है, कई पुस्तक विक्रेता केवल कुल बिल एक पर्चे पर लिखकर दे रहे हैं किताब कॉपी का भी नाम नहीं लिख रहे हैं। ये सीजीएसटी की चोरी कर रहे हैं। इन किताब कॉपी के कोई मानक भी नहीं हैं। दिल्ली सहित बाहर के राज्यों की पुस्तकों की बिक्री की जा रही है। उन्होंने तत्काल एक जांच टीम गठित करने का आश्वासन दिया। इस दौरान अभिभावक संघ संरक्षक, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी अध्यक्ष डॉ मदन मोहन शर्मा रमेश श्रीवास्तव,विधायक शर्मा, नकुल सारस्वत,एडवोकेट ब्रज वर्मा,उमेश कुमार सिंह,विषपाल यादव, मोहित सिंह सहित कई जागरूक नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य मांगें:
- जांच कमेटी गठित कर यह सुनिश्चित किया जाए कि निजी स्कूल और किताब विक्रेता शिक्षा माफिया के रूप में कार्य न करें।
- स्कूलों को पारदर्शी पुस्तक चयन प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया जाए ताकि गैर-ज़रूरी और महंगी किताबों की जबरन बिक्री पर रोक लगाई जा सके।
- जीएसटी चोरी और फर्जी प्रकाशन की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
- अभिभावकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए,जिससे वे अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें।
इस मांग पत्र को अपर आयुक्त अजय मिश्रा को संजय पैलेस कार्यालय में सौंपा गया,जहां उन्होंने तत्काल एक जांच टीम गठित करने का आश्वासन दिया। इस दौरान रमेश श्रीवास्तव,विधायक शर्मा, नकुल सारस्वत,एडवोकेट ब्रज वर्मा,उमेश कुमार सिंह,विषपाल यादव, मोहित सिंह सहित कई जागरूक नागरिक मौजूद रहे। अभिभावक संघ संरक्षक, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसायटी अध्यक्ष डॉ मदन मोहन शर्मा ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है ताकि शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता बनी रहे और अभिभावको विद्यार्थियों का शोषण रोका जा सके।