आगरालीक्स…आगरा में सबसे ज्यादा सड़कें जल जीवन मिशन के लिए खोदी जा रही हैं. मंडल में 260 रोड कटिंग के मामले पर मंडलायुक्त सख्त—तुरंत काम रुकवाने के लिए दिए आदेश
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने सोमवार को मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा में पता चला कि सबसे अधिक रोड कटिंग जल जीवन मिशन की ओर से की है। कार्य कराने के बाद रोड की मरम्मत भी नहीं कराई। इससे नाराज मंडलायुक्त ने आगरा-मथुरा में जल जीवन मिशन का काम रुकवाने का आदेश दिया है। आयुक्त सभागार में बैठक में बताया कि मंडल में रोड कटिंग की कुल संख्या 260 है। जिसमें सबसे ज्यादा जल जीवन मिशन ने 188 मार्गों पर खोदाई की है। पिछली मंडलीय बैठक में निर्देश दिए जाने के बावजूद जल जीवन मिशन विभाग द्वारा पीडब्ल्यूडी के साथ आगरा और मथुरा दोनों जिले में संयुक्त निरीक्षण नहीं किया गया।
इससे नाराज मंडलायुक्त पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के उक्त दोनों जिलों में चल रहे कार्यों को तत्काल रोका जाए। पूर्व में खोदे सभी मार्गों का रेस्टोरेशन कराया जाए तथा शेष दोनों जिलों में संयुक्त निरीक्षण पूर्ण कराया जाए। अन्यथा की स्थिति में जल जीवन मिशन विभाग के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। मंडलायुक्त ने कहा कि जब कि सभी संबंधित विभागों की ओर से पूर्व में खोदे अथवा कटिंग किए गये मार्गों का रेस्टोरेशन नहीं कराया जाता है, तब तक किसी भी मार्ग की खोदाई के लिए नई अनुमति जारी नहीं की जाएगी।
गड्ढा मुक्त सड़कों को लेकर बताया कि मंडल में 2224 किमी की सड़क गड्ढा मुक्त की जानी हैं। इसमें 2219 किमी सड़क गड्ढामुक्त हो चुकी हैं। शेष कार्य इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में पेड़ कटने की मिल रहीं शिकायतों को लेकर संबंधित मंडलीय अधिकारी को निर्देश दिए कि टीम द्वारा लगातार चेकिंग की जाए। कहीं भी पेड़ नहीं कटना चाहिए।