आगरालीक्स…Agra News: आगरा में 15 मिनट में दयालबाग से खंदौली पहुंचाने वाले पांटून पुल पर लोडर और भारी वाहनों पर रोक, ओवरहेड बैरियर लगाए गए। यमुना पर बने पांटून पुल से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। ( Agra News: Overhead barrier on Pontoon bridge between Dayalbagh to Khandauli to prevent heavy vehicle )
आगरा से खंदौली जाने के लिए वाटर वक्र्स, रामबाग चौराहा, टेढ़ी बगिया होते हुए करीब वाहन जाते हैं, इससे जाम लगा रहता है और 20 किलोमीटर का रास्ता है। ऐसे में दयालबाग के पोइया घाट पर यमुना में पांटून पुल बनाया गया है। पांटून पुल से पोइया घाट से खंदौली रोड पर टेढ़ी बगिया से आगे बिजलीघर के पास पोइया चौराहे पर वाहन निकल रहे हैं। इससे दूरी आठ किलोमीटर की रह गई है और दयालबाग से खंदौली पहुंचने में 15 मिनट का समय लग रहा है।
भारी वाहन और लोडर वाहनों पर लगाई रोक
दूरी कम होने और जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में सुबह से रात तक बाइक, कार के साथ ही लोडर सहित भारी वाहन पांटून पुल से होकर गुजर रहे हैं। वाहनों का दबाव बढ़ने से पांटून पुल के खंदौली की तरफ वाले एप्रोच मार्ग धंसने लगा है। वहीं, पांटून पुल का संतुलन भी गड़बड़ा रहा है। इसके चलते पांटून पुल से भारी वाहन और लोडर के आवागमन पर रोक लगा दी गई है।
ओवरहेड बैरियर लगाए गए
पांटून पुल के दयालबाग से एंट्री करते समय और बाहर पोइया चौराहा खंदौली की तरफ बाहर निकलने के रास्ते पर ओवरहेड बैरियर लगा दिए गए हैं। जिससे बाइक, कार से ही पुल से होकर गुजर सकें, लोडर, मैक्स सहित भारी वाहन पांटून पुल से होकर ना गुजर पाएं।