आगरालीक्स…आगरा के संजय प्लेस में भी जल्द हल होगी पार्किंग समस्या. फतेहाबाद रोड पर मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी. बिचपुरी—बोदला रोड से हटेगा अतिक्रमण
आगरा के प्रमुख मार्गों की जाम और अतिक्रमण समस्या को को लेकर मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक् हुई. इसमें संजय प्लेस पार्किंग की समस्या को हल करने, फतेहाबाद रोड पर मल्टीलेवल पार्किंग की कार्ययोजना तय की गई. इसके अलावा बिचपुरी—बोदला रोड से अतिक्रमण हटाने के भी आदेश दिए गए. मंडलायुक्त ने नगर निगम और एडीए को निर्देश दिए कि फतेहाबाद रोड पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सरकारी भूमि को चिन्हित कर जल्द से जल्द मल्टीलेवल पार्किंग की योजना बनाए जाने के निर्देश दिए. इसके अलावा उन्होंने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, इन्फ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग, यातायात, शहरी विकास और अतिक्रमण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया. बिचपुरी—बोदला रोड से अतिक्रमण हटाने के निर्देशमंडलायुक्त ने बिचपुरी—बोदला रोड से अतिक्रमण हटाने के निर्देश नगर निगम को दिए. उन्होंने कहा कि हर शुक्रवार को लगने वाले अवैध बाजार के कारण यहां जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. उन्होंने पुलिस की सहायता से अतिक्रमण हटाने, नाले की एंड टू एंड सफाई करने और बंद पड़ी लाइटों को ठीक करने के निर्देश दिए.
संजय प्लेस पार्किंग को लेकर होगी बैठक
मंडलायुक्त ने संजय प्लेस में व्यापारियों की पार्किंग समस्या को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को व्यापारियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए. उन्होंने बैठक् कर व्यवहारिक समाधान निकालने के लिए कहा. इसके अलावा उन्होंने यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में पूर्व निर्मित स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज में जलनिकासी की समस्या को लेकर रेलवे,एडीए ओर नगर निगम के बीच संयुक्त् बैठक् बुलाकर समाधान निकालने को कहा. उन्होंने यह भी तय किया कि हरीपर्वत से सेंट जॉन्स चौक के मध्य रेलवे लाइन पर सड़क चौड़ीकरण कार्य मेट्रोपरियोजना के पूरा होने के बाद ही होगा.