आगरालीक्स…आगरा में सुपारी के 260 बोरों सहित ट्रक को किया गायब. पुलिस ने तीन बदमाश पकड़े तो ऐसे खुला मामला…इस तरह दिया था वारदात को अंजाम
आगरा की थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस व एसटीएफ ने सुपारी के 260 बोरों को ट्रक सहित गायब करने की घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके पास से 220 बोरा सुपारी, एक ट्रक व घटना में प्रयुक्त इनोवा कार को बरामद किया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है.
ये है पूरा मामला
24 मई को उत्तर पश्चिम दिल्ली स्थित संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर निवासी सुभाष चंद्र ने थाना फतेहपुर सीकरी में तहरीर दी कि एक ट्रक जिसमें 260 बोरी सुपारी माल लोड था, उसे उसका चालक रवि भट्ट बसर से दिल्ली लेकर जा रहा था. 19 मई को माल सहित ट्रक को लेकर फरार हो गया है. थाना पफतहपुर सीकरी पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया. घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई. इसी बीच पुलिस व एसटीएफ को सूचना मिली कि माल एवं अभियुक्त जनपद पीलीभीत में हैं. इस पर थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस व एसटीएफ की टीम पीलीभीत पहुंची. तीन जून को सुरागसी पतारसी करते हुए पुलिस टीम पीलीभीत के न्यूरिया के गेट के पास पहुंचे. यहां मुखबिर से सूचना मिली कि सितारगंज की तरफ से एक इनोवा कार जिसमें सुपारी व ट्रक को गायब की घटना में शामिल बदमाश सवार हैं, आने वाली है. इस पर पुलिस ने इनोवा कार को रुकवा लिया और ट्रक मालिक व वादी से उसमें बैठे तीन व्यक्तियों को तस्दीक कराते हुए अरेस्ट कर लिया.
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हम लोगों ने रवि भट्ट निवासी गढदी गोंठ जनपद चम्पावत, जुनैद रजा निवासी मोहल्ला इस्लामनगर बरेली, कबीरचंद उर्फ कुर्री उस्ताद व कल्लू के साथ आपस में प्लान बनाया कि दिल्ली की ट्रांसपोर्ट कंपनी आईडीयल कार्गो मूवर्स के ट्रक बंगलोर से सुपारी लेकर दिल्ली आते हैं, को रास्ते से गायब कर देंगे और सुपारी बेचकर अच्छी कीमत मिलेगी. इस ट्रांसपोर्ट कंपनी में रवि भट्ट चालक व कल्लू परिचालक का काम करता था.
19 मई को ट्रक ड्राइवर रवि ने अपने साथियों को सूचना देकर आगरा पहुंच जाएगा. सूचना पर सभी साथी इनोवा कार से आए और ट्रक को मय माल के धौलपुर की तरफ से होते हुए अलीगंज पीलीभीत ले गए. यहां उन्होंने माल को अपने साथियों के सहयोग से छुपा दिया एवं ट्रक को एक नहर की पुलिया के पास खड़ा कर दिया. आरोपियों ने बताया कि आज हम लोग माल को बेचने के लिए जा रहे थे.
पकड़े गए बदमाशों के नाम
शरद गुप्ता पुत्र ओमप्रकाश निवासी नोगवा ठग्गू शिव कॉलोनी थाना खटीमा जनपद उधमसिंह नगर
प्रदीप रावत पुत्र जगत सिंह रावत निवासी गढ़ी गोठ थाना बनवसा जनपद चम्पावत उत्तराखंड
हसन अजहरी पुत्र मंजूर अहमद निवासी वार्ड नंबर 23 मोहल्ला इस्लामनगर थाना बहेड़ी जनपद बरेली.