आगरालीक्स…आगरा में 22 जून से होने जा रहे ‘Food Expo & Conclave 2025’ की तैयारियां तेज. सांसद भी किए आमंत्रित…जानिए क्या होगा खास
आगामी 22, 23 और 24 जून को आगरा के होटल जेपी पैलेस में आयोजित होने जा रहे 'Food Expo & Conclave 2025' के लिए चैम्बर ऑफ़ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सांसद राजकुमार चाहर जी को आमंत्रित किया. इस अवसर पर Food Expo & Conclave 2025 के आयोजन और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विकास पर विस्तृत चर्चा हुई. इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान, चैम्बर ऑफ़ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत, महासचिव अनुज सिंघल और मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल 'रावी', अनिल सविता मुख्य रूप से मौजूद रहे.प्रदेश में पहली बार होने जा रहे फूड एक्सपो से स्थानीय MSMEs को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर मिलेगा, जिससे व्यापार विस्तार और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा. फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स की स्थापना से सीधे और अप्रत्यक्ष रोजगार में वृद्धि होगी. कोल्ड चेन और वेयरहाउसिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ेगा, जिससे कृषि उत्पादों की बर्बादी घटेगी और किसानों की आमदनी बढ़ेगी.फूड एक्सपो से स्टार्टअप्स और नवाचारों को मंच मिलेगा, जिससे स्थानीय तकनीकी समाधानों का विकास होगा. इस आयोजन के माध्यम से राज्य सरकार को टैक्स, निवेश और निर्यात से राजस्व में वृद्धि की संभावना.
मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में 100 से अधिक प्रदर्शक, 7000 से अधिक आगंतुक और 25 से अधिक राष्ट्रीय वक्ता सहभागिता करेंगे. यह मंच न केवल व्यापारिक संवाद को गति देगा, बल्कि नीति निर्माताओं, निवेशकों और उद्योगपतियों को एक साझा दिशा भी प्रदान करेगा.