आगरालीक्स…आगरा के सांसद और केंद्रीय विधि राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और अन्य अदालत से बरी. इस मामले में दर्ज किया गया था मुकदमा.
आगरा के सांसद और केंद्रीय विधि राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल को फिरोजाबाद की अदालत से बरी कर दिया गया है. विशेष न्यायाधीश एमपी एमएलए जितेंद्र सिंह ने सभी को बरी करने का फैसला सुनाया.

ये था मामला
बता दें कि वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव में मतदान में धांधली के विरोध में भाजपा प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल व अन्य भाजपा नेताओं ने फिरोजाबाद के सुभाष तिराहे पर विरोध प्रदर्शन किया था. इस दौरान बवाल, आगजनी और लूटपाट भी हुई थी. इस मामले में प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित सैकड़ों लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस ने प्रो. बघेल सहित 60 के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया. इस मामले में 16 अप्रैल को अंतिम बहस हुई थी. मंगलवार को इस मुकदमे का फैसला आना था. इस पर सभी की निगाहें लगी हुई थीं. विशेष न्यायाधीश एमपी एमएलए जितेंद्र सिंह ने सभी को बरी करने का फैसला सुनाया. प्रो. बघेल पक्ष के अधिवक्ता राजेश कुलश्रेष्ठ ने बताया कि न्याय की जीत हुई है.