आगरालीक्स…श्री बांकेबिहारी मंदिर में अब बिना मास्क के नहीं होगी एंट्री. इस एक दिन श्रद्धालुओं से मरीजों, वृद्ध और बच्चों को न लाने की अपील…
कोरोना की रफ्तार एक बार फिर से बढ़ने पर वृंदावन के श्री बांकेबिहारी जी के दर्शन को लेकर अब श्रद्धालुओं के लिए नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं. मंदिर प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया है कि मंदिर में अब बिना मास्क के एंट्री नहीं होगी. श्रद्धालुओं को मास्क पहनना जरूरी होगा. यही नहीं अक्षय तृतीया पर दर्शन को उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह डायबिटीज, हार्ट, ब्लडप्रेशर व गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों, वृद्ध और बच्चों को न लेकर आएं.

बता दें कि अक्षय तृतीय 3 मई को है और इस दिन देश दुनिया से लाखों श्रद्धालु ठाकुर जी के दर्शन करने के लिए वृंदावन पहुंचते हैं. कोविड का प्रसार बढ़ने के कारण अब मंदिर में मास्क लगाकर ही आने की अपील की गई है. यही नहीं श्रद्धालुओं से खुद शारीरिक दूरी व कोविड प्रोटोकॉल् का पालन करने को कहा गया है. यही नहीं अक्षय तृतीया पर वन वे रूट तय किया गया है. मंदिर में श्रद्धालुओं को गेट संख्या 2 व 3 से एंट्री दी जाएगी और गेट संख्या 4 से श्रद्धालु बाहर निकल सकेंगे. आपात व्यवस्था के लिए गेट संख्या एक का प्रयोग किया जाएगा.