आगरालीक्स …दयालबाग में सत्संगियों ने सड़क नहीं हटाई, गेट लगाकर सील लगा दी है। साफ कह दिया कि है सड़क नहीं हटाएंगे। जबकि प्रशासन ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।

पोइया घाट, दयालबाग में श्मशान घाट के सामने छह एकड़ जमीन में राधा स्वामी सत्संग सभा ने पौधारोपण करने के बाद सड़क बना दी, वीडियो वायरल होने पर जिला प्रशासन की टीम ने पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया था। शुक्रवार दोपहर में पहुंची जिला प्रशासन की टीम ने सड़क हटाने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद भी शनिवार को राधा स्वामी सत्संग सभा ने सड़क नहीं हटाई, गेट लगाकर सील लगा दी है और एक गार्ड तैनात कर दिया है।
नहीं हटाई जाएगी सड़क
सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी एके नैयर का कहना है कि हमने प्रशासन से कोई समय नहीं मांगा है। हम कोई निर्माण और सड़क नहीं हटाएंगे, सिंचाई विभाग के नोटिस का कानून सम्मत तरीके से जवाब दिया जाएगा, हम कोर्ट जाएंगे।
दो दिन का मांगा गया समय
सिटी मजिस्ट्रेट आनंद कुमार सिंह का कहना है कि राधा स्वामी सत्संग सभा के अध्यक्ष जीएस सूद के साथ देर रात वार्ता हुई, उन्होंने दो दिन का समय मांगा है। दो दिन बाद भी नहीं हटातें हैं तो कार्रवाई करेंगे।