आगरालीक्स…क्या सर्दी की हो गई शुरुआत. आगरा में मूसलाधार बारिश ने बदला मौसम. हल्की ठंड का अहसास.
अक्टूबर का आधा महीना बीतने के बाद भी दिन में तेज धूप लोगों के पसीने निकाल रही थी. लेकिन आज शाम को मौसम का जो अचानक बदलाव हुआ है वह काफी चौंकाने वाला रहा. अचानक तेज आंधी के साथ आई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को पूरी तरह से बदलकर रख दिया. बारिश के बाद हल्की ठंड का अहसास हुआ और लोगों ने एसी, कूलर बंद कर दिए. पंखों में भी हल्की ठंड महसूस हो रही है. ऐसे में लोगों का मानना है कि अचानक आई बारिश से अब आगरा में ठंड की शुरुआत हो चुकी है.
सामान्य से अधिक रहा तापमान
आगरा में हर रोज की तरह आज भी आसमान साफ रहा. सुबह से ही तेज धूप निकलने लगी जो कि दोपहर तक काफी तेज रही. लेकिन शाम 4 बजे के बाद से मौसम में जो बदलाव हुआ वह काफी चौंकाने वाला रहा. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान भी 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा और ये भी सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया.