आगरालीक्स…. आगरा के होटल ट्राइडेंट, रमाडा, रीगल बार सहित 22 बार पर लगाया गया जुर्माना, इस बार राजस्व की वसूली हुई कम, आज से महंगी हो गई शराब और बीयर ।
जिला आबकारी अधिकारी नीलेश पालिया के अनुसार, 31 जनवरी तक वित्तीय वर्ष 2021 22 का शराब की दुकान और बीयर बार को आबकारी शुल्क जमा कराना होता है। बार का लाइसेंस दो श्रेणी में दिया जाता है, एक में 10 लाख रुपये और दूसरी श्रेणी में 25 लाख रुपये आबकारी शुल्क है। जिले में 67 बार हैं। मगर, होटल रमाडा, ट्राइडेंट, साल्ट अनप्लग बार, रीगल बार, क्रिस्टल सरोवर बार सहित 22 बार संचालकों ने 31 जनवरी तक शुल्क जमा नहीं कराया। इन पर 10 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

1600 करोड़ की जगह 1250 करोड़ शुल्क की हुई वसूली
जिले में 328 देशी शराब, 246 अंग्रेजी शराब, 196 बीयर बार और 24 मॉडल शॉप हैं। इन सभी से आवकारी शुल्क वसूला जाता है, इस बार आबकारी शुल्क से 1600 करोड़ की वसूली का लक्ष्य रखा गया था लेकिन 1250 करोड़ रुपये शुल्क ही वसूला गया।
आज से महंगी हो जाएगी शराब और बीयर
महंगाई लगातार बढ़ रही है। इससे एक अप्रैल से अंग्रेजी शराब और बीयर भी महंगी हो रही है। अंग्रेजी शराब की बोतल पर 10 से 15 रुपये और बीयर पर पांच से 10 रुपये बढ़ रहे हैं। जबकि देशी शराब का पव्वा 80 रुपये से पांच रुपये कम हो जाएगा और 75 रुपये का पव्वा मिलेगा।