आगरालीक्स…Agra News: आगरा में कुत्ते, बिल्ली, बंदर के अंतिम संस्कार (निस्तारण) के लिए बना सीएनजी शवदाह गृह, सड़क, कूड़े और खाली प्लाट में नहीं फेंकने पड़ेंगे मृत पशु। ( Agra News: Rs 2.8 crore Incinerator for Dog, Cat, Monkey funeral in Agra#Agra )
आगरा में नगर निगम ने कुबेरपुर में सीएनजी से संचालित शवदाह गृह (इन्सिनेटर) तैयार किया है। 1500 वर्ग मीटर में तैयार किए गए इन्सिनेटर को सीएनजी से संचालित किया जाएगा। 2.80 करोड़ रुपये की लागत से इन्सिनेटर तैयार हो चुका है अब इसमें छोटे पशुओं का निस्तारण किया जाएगा।
20 छोटे पशुओं का हो सकेगा निस्तारण
नगर निगम द्वारा तैयार किए गए इन्सिनेटर में कुत्ते, बिल्ली, बंदर सहित छोटे पशुओं का निस्तारण किया जाएगा। आठ घंटे में 20 छोटे पशुओं का निस्तारण हो सकेगा। इन्सिनेटर तैयार होने के साथ ही मशीनें भी आ चुकी हैं। अगले महीने से पशुओं के निस्तारण करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
जून में शुरू होगा इन्सिनेटर
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार, छोटे पशुओं के निस्तारण की समस्या को देखते हुए इन्सिनेटर तैयार कराया गया है। जून से निस्तारण शुरू हो जाएगा। किस तरह से लोग स्ट्रीट डॉग और पालतू कुत्ते बिल्ली का निस्तारण करा सकेंगे इसकी पूरी प्रक्रिया जारी की जाएगी।