आगरालीक्स…Agra News: आगरा में आईआईटी रुड़की की जांच में आवास विकास परिषद द्वारा बनाए 272 भवन निकले घटिया, पांच अभियंताओं से होगी 5.25 करोड़ रुपये की वसूली। ( Agra News: Rs 5.25 crore recovered from 5 Engineer of Awas Vikas for substandard construction of 272 house in Agra#Agra )
आवास विकास परिषद खंड 29 द्वारा कालिंदी विहार में बेसिक सर्विसेज टू अर्बन पुअर यानी (बीएसयूपी) योजना के तहत 652 भवन बनाए थे, इन भवनों की आईआईटी रुड़की से जांच कराई गई। इसमें 272 भवन में घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल करने की रिपोर्ट दी गई, जिसके कारण भवनों के आरसीसी कॉलम में दरारे आ गईं थी, ये भवन रहने लायक नहीं पाए गए।
5.25 करोड़ रुपये की होगी वसूली
आवास आयुक्त बलकार सिंह ने तत्कालीन अधिशासी अभियंता रोशन लाल आर्य, सहायक अभियंता जेपी गर्ग, डीके शर्मा, सत्येंद्र कुमार पचौरी और वर्तमान अधिशासी अभियंता नेहा सिंह ये उस समय सहायक अभियंता थीं। इन पांचों से 5.25 करोड़ रुपये की तनख्वाह और पेंशन से वसूली करने के आदेश दिए गए हैं।
आईआईटी रुड़की रिपोर्ट ने उड़ा दिए होश
आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट में सामने आया है कि घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल से 272 भवन रहने लायक नहीं हैं। इसके साथ ही बिल्डिंग ब्लॉक, सामुदायिक केंद्र, कियोस्क बिल्कुल उपयोग लायक नहीं है। आवास विकास परिषद ने नौ अभियंताओं के खिलाफ रिपोर्ट भेजी थी इसमें से पांच दोषी पाए गए हैं। इनसे 5.25 करोड़ रुपये की वसूली की जाएगी।