आगरालीक्स ..(दो मिनट में पूरी खबर).. आगरा के रामा स्टील पर सर्वे के दौरान जीएसटी की टीम और व्यापारियों में मारपीट। व्यापारियों का आरोप टीम ने कैश काउंटर से निकाले दो लाख रुपये, जीएसटी टीम ने कागज छीनने और मारपीट के आरोप में दर्ज कराया व्यापारियों पर मुकदमा. #gstsurvey# #agralocalnews# Agranews# #ramasteelagra#

आगरा के रामा स्टील, शमसाबाद रोड पर मंगलवार शाम को वाणिज्य कर विभाग की टीम सर्वे के लिए तीन चार कार से 15 लोग पहुंचे।रामा स्टील के संचालक ओम प्रकाश गोस्वामी का आरोप है कि वाणिज्य कर विभाग की टीम के सदस्य कैश काउंटर से रुपये निकालने लगे, विरोध करने पर धमकी दी कि जीएसटी वाले हैं, प्रतिष्ठान सीज कर देंगे। इस पर उनके नाती नातिन ने विरोध किया तो दोनों को बुरी तरह से पीटा, सूचना पर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष नरेंद्र मंगल पहुंच गए। आरोप है कि व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष नरेंद्र मंगल और ओम प्रकाश गोस्वामी के नाती को पकड़कर थाना सदर ले गए।
वाणिज्यकर विभाग की टीम ने मारपीट करने और पेपर छीन लेने का दर्ज कराया मुकदमा
इस मामले में वाणिज्य कर विभाग की टीम द्वारा थाना सदर में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाए हैं कि रामा ट्रेडर्स के यहां सर्वे में करोड़ों रुपये के लेनदेन के कच्चे बिल और डायरी मिली थी। टीम संचालक के हस्ताक्षर करा रही थी, वहां मौजूद एक युवक ने वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी के साथ मारपीट की और कागज लेकर भाग गए।
वाणिज्य कर अधिकारी और सिपाही घायल
वाणिज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त एसआईबी केएन पाल का कहना है कि टीम सर्वे कर रही थी, इसी बीच रामा ट्रेडर्स पर मौजूद लोगों ने पेपर छीन लिए। सिपाही उनके पीछे भागा तो उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और कागज लेकर भाग गया। लोगों को रोकने पर वाणिज्य कर अधिकारी विजय कुमार यादव भी घायल हो गए उनके सिर में चोट आई है। खींचतान में सर्च एंड सीजर की फाइल भी फाड़ दी।
आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों में आक्रोश
जीएसटी टीम के सर्वे के दौरान एक दूसरे पर मारपीट के आरोप के बाद व्यापारी पर मुकदमा दर्ज होने से आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों में आक्रोश है। रामा ट्रेडर्स के संचालक द्वारा थाने पर दी गई तहरीर पर जीएसटी अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सर्वे की कार्रवाई जारी
रामा स्टील पर सर्वे की कार्रवाई रात में भी जारी रही। विभाग रिकार्ड खंगालने में जुटा हुआ है।