आगरालीक्स…आगरा के निजी स्कूलों में कक्षा 1 का बैग 7 हजार रुपये में. स्कूल और बुक सेलरों की मोटी कमाई, लाइन में लग रहे परिजन. क्या कहना है आपका
स्कूलों में नया सत्र 2024—25 की शुरुआत अप्रैल से होने जा रही है. सभी निजी स्कूलों में एडमिशन भी चल रहे हैं. अपने बच्चे का एडमिशन कराने के लिए पेरेंट्स के लगातार स्कूलों में चक्कर लग रहे हैं, वहीं जिन बच्चों का एडमिशन हो गया है, उनके पेरेंट्स नई क्लास की किताब, कॉपियां आदि की खरीददारी में जुट गए हैं. एक अप्रैल से अधिकतर स्कूलों में नये सेशन की पढ़ाई शुरू हो जाएगी, ऐसे में अभी से पेरेंट्स बच्चों का बुक सैट कम्पलीट करा रहे हैं. स्कूल यूनिफार्म से लेकर बैग आदि की खरीददारी चल रही है.
7 से 10 हजार रुपये में बैग
आगरा के निजी स्कूलों में कक्षा 1 का बैग 7 से 8 हजार रुपये में तैयार हो रहा है. यानी पहली क्लास के बच्चे की सारी किताबें, कापियां, स्टेशनरी आदि का खर्चा 7 हजार रुपये से शुरू हो रहा है. वहीं 5वीं क्लास तक के बच्चों का बुक सैट 10 हजार रुपये तक में मिल रहा है. निजी प्रकाशकों की किताबों के रेट काफी महंगे हैं.
निजी प्रकाशकों की किताबों के साथ ही नोट बुक यानी कापियों को भी स्कूल से लेने के लिए बाध्य किया जा रहा है. एक कॉपी का रेट जो बाजार में 30 से 40 रुपये है वो स्कूलों में 50 रुपये तक में मिल रही हैं. कई स्कूलों ने अपनी यूनिफार्म भी बदल दी है.