आगरालीक्स…आगरा के सदर बाजार में अलग ही तरह का पार्किंग शुल्क. एक मिनट अधिक होने पर देना पड़ेगा दोगुना शुल्क…जानें पार्किंग के रेट
आगरा के सदर बाजार में पिछले कई दिनों से पार्किंग शुल्क को लेकर व्यापारियों और छावनी परिषद के बीच अब मामला सुलझता दिखाई दे रहा है. इसमें न तेरी और न मेरी वाली कहानी गढ़ी गई है और इसी के तहत बीच का रास्ता निकाला गया है. सदर बाजार में अब अलग ही तरह का पार्किंग शुल्क लागू किया गया है जिसमें एक मिनट अधिक होने पर लोगों को दोगुना पार्किंग शुल्क देना पड़ेगा.

जानें क्या है मामला
छावनी परिषद और सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के बीच पार्किंग शुल्क को लेकर पिछले दिनों काफी विवाद हुआ है. सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से इसके विरोध में धरना प्रदर्शन भी किया गया है. दरअसल छावनी परिषद की ओर से सदर में पार्किंग शुल्क बढ़ाया गया था जिसका एसोसिएशन द्वारा विरोध किया जा रहा था. छावनी परिषद की ओर से पहले बाइक का जहां 10 रुपये पार्किंग शुल्क लगता था वह 20 रुपये कर दिया गया था जबकि कार और तिपहिया वाहन का पार्किंग शुल्क 20 से 30 रुपये कर दिया गया था. इसके अलावा टैम्पो और ट्रेवल्स का पार्किंग शुल्क भी 100 की जगह 200 रुपये कर दिया गया था. इसके विरोध में सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा था.
विवाद को बढ़ता देख अब छावनी परिषद और सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से इस मामले का नया हल निकाला गया है. अब एक घंटे तक पार्किंग शुल्क पुराने रेट के तहत ही लगेगा लेकिन 61 मिनट होने यानी एक मिनट अधिक होने पर नये रेट के तहत पार्किंग शुल्क वसूला जाएगा. यानी 61 मिनट होने पर बाइक का 20, कार व तिपहिया वाहन का 30 रुपये और टैम्पो और ट्रेवल्स का पार्किंग शुल्क 200 रुपये वसूला जाएगा.