आगरालीक्स…आगरा में बिना हेलमेट पहने जा रहे वाहन चालकों को पहनाए हेलमेट. सीट बेल्ट और यातयात नियमों का पालन करने को सेवा आगरा का विशेष अभियान
जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही दुखद मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए, लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए ‘सेवा आगरा’ संस्था ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। रविवार को 7 दिवसीय ‘सुरक्षा चक्र सप्ताह’ का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्घाटन विकल चौक, सुल्तान गंज की पुलिया चौराहे पर डीसीपी ट्रैफिक अभिषेक अग्रवाल ने किया। उन्होंने प्रतीकात्मक रूप से बिना हेलमेट लगाए वाहन चला रहे दोपहिया वाहन चालकों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनाया और जीवन बचाने के लिए इसकी अनिवार्यता समझाई। डीसीपी अग्रवाल ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही किसी के पूरे परिवार के लिए बड़ा दुःख ला सकती है, इसलिए हेलमेट पहनना केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा कवच है।
सेवा आगरा के संस्थापक अध्यक्ष एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल पेन्ट ने बताया कि दीपावली के पर्व से ठीक पहले इस अभियान को शुरू करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी लोग सुरक्षित रूप से अपने घरों तक पहुँचें और यह रोशनी का त्योहार अपने परिवारजनों के साथ मनाएँ। उन्होंने बताया कि 7 दिवसीय ‘सुरक्षा चक्र अभियान’ के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्य रूप से ‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ के नारे को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। संस्था द्वारा प्रमुख चौराहों पर प्रतीकात्मक हेलमेट/ पम्पलेट वितरण, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने के लिए प्रेरित करना और स्कूल/कॉलेजों में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।
संस्था का लक्ष्य है कि इस अभियान के माध्यम से न केवल चालान से बचने, बल्कि अपने जीवन की सुरक्षा के महत्व को लोगों को समझाया जाए। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करना अत्यंत आवश्यक है। यह अभियान आगरा के नागरिकों को सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इस दौरान सेवा आगरा की संस्थापिका सुमन गोयल, नेशनल चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, हरिओम गोयल, प्रांशु गोयल, मयंक खंडेलवाल, विश्वनाथ भारद्वाज, कुमकुम उपाध्याय, पूजा जैन आदि उपस्थित रहे।