आगरालीक्स…आगरा की उटंगन नदी में खो गए 7 युवक. दूसरे दिन भी नहीं लगा पता. 13 डूबे, 5 लाशें निकलीं…अब सेना तलाश में जुटी
आगरा के खेरागढ़ स्थित उटंगन नदी में गुरुवार को मूर्ति विसर्जन के बाद हुए दर्दनाक हादसे में 13 युवक नदी में डूब गए. एक युवक को उसी समय ग्रामीणों ने बचा लिया. इसके बाद पुलिस और प्रशासन की मदद से गोताखोरों ने दो युवकों के शव निकाले. गुरुवार देर रात एक और युवक का शव मिल गया. आज सुबह शुक्रवार को फिर से तलाश की गई तो दो और युवकों के शव मिले. अब तक 5 लाशें नदी से निकाली जा चुकी हैं लेकिन पूरे दिन तलाश के बाद भी डूबे 7 लोगों का पता नहीं चल सका है.
सेना पहुंची तलाश को
हादसे के बाद शुक्रवार को आगरा के पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी स्वयं नाव से घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों, फ्लड कंपनी पीएसी टीमों और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से बड़े पैमाने पर बचाव कार्य चलाया जा रहा है. आगरा के पुलिस आयुक्त घटनास्थल पर स्थानीय नागरिकों से लगातार संवाद कर रहे हैं, उन्हें सांत्वना दे रहे हैं और राहत एवं बचाव कार्यों में लगी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं. सेना की 50 पैरा ब्रिगेड और 411 पैरा फील्ड कंपनी की एक यूनिट को भी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए घटनास्थल पर बुलाया गया है और उनके द्वारा भी बचाव कार्य किया जा रहा है.
ग्रामीणों का हंगामा,
इधर शाम को डूबे पांचों युवकों के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाए गए. पुलिस इनका अंतिम संस्कार कराना चाहती थी लेकिन ग्रामीण सभी शवों के मिलने पर एक साथ अंतिम संस्कार की जिद पर अड़ गए. उन्होंने घटनास्थल के बाहर कंडे डालकर जाम लगा दिया. .
ये है पूरा मामला
गुरुवार को विसर्जन के दौरान गांव कुसियापुर डूगरवाला के 13 युवक गहरे पानी में डूब गए थे. एक युवक विष्णु को उसी समय ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया. इसके बाद यहां अफरातफरी मच गई. सूचना पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. डेढ़ घंटे बाद दो अन्य युवक ओमपाल और गगन के शव नदी से निकाले गए जबकि देर रात एक अन्य किशोर मनोज का शव भी मिल गया. इसके बाद शुक्रवार को दो अन्य युवकों के शव भी गोताखोरों को नदी से मिल गए हैं. अब भी 7 का पता नहीं चल सका है. नदी में उनकी तलाश की जा रही है. हादसे के बाद गांव के लोगों में कोहराम मच गया है. तलाश में पुलिस और प्रशासन के साथ एसडीआरफ भी लगी है.