आगरालीक्स…आगरा के एपी ज्वैलर्स के यहां 13 घंटे तक चली एसजीएसटी की कार्रवाई. बहुत बड़ी रकम विभाग ने कराई जमा…रिकॉर्ड भी किए जब्त
साल के सबसे बड़े फेस्टिव सीजन से पहले आगरा में राज्य वस्तु एवं सेवा कर यानी एसजीएसटी की टीम बड़े ज्वेलर्स के यहां कार्रवाई कर रही है. गुरुवार दोपहर को सराफा बाजार स्थित एपी ज्वेलर्स के यहां कार्रवाई करने पहुंची एसजीएसटी की टीम ने यहां 13 घंटे तक कार्रवाई की है यह कार्रवाई आज सुबह चार बजे तक चली. इस दौरान एपी ज्वैलर्स के चौबेजी फाटक, किनारी बाजार और नेहरू नगर में सभी रिकॉर्डों की जांच की गई. बताया जाता है कि टीम ने यहां से 3.42 करोड़ रुपये जमा कराए हैं. इसके अलावा रिकार्ड भी टीम ने जांच के लिए जब्त किए हैं जिनमें डिजिटल रिकॉर्ड भी शामिल हैं.
सराफा बाजार स्थित एपी ज्वेलर्स के यहां कार्रवाई से अन्य सराफा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.बता दें कि इससे पहले सराफा बाजार में एसजीएसटी ने सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नीतेश अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की थी जहां से करीब 36 लाख रुपये का दंड लगाया गया था. इसके बाद कोलकाता की इनकम टैक्स टीम ने अजय अवागढ़ के प्रतिष्ठान पर छापा मारा था. यहां दो दिन कार्रवाई चली थी.