आगरालीक्स…Agra News: आगरा में 11 एकड़ में कुत्तों के लिए शेल्टर होम, कुत्तों के लिए अस्पताल, नसबंदी केंद्र और रिकवरी रूम भी बनेगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनाने के लिए जमीन चिन्हित कर रहा है। पहले सेवला रोड पर जमीन देखी गई, इसका निरीक्षण किया गया लेकिन जमीन कम होने के कारण इस दिशा में काम आगे नहीं बढ़ सका। इसके बाद अब नगर निगम ने अन्य जमीनों की तलाश शुरू की।
11 एकड़ में शूटिंग रेंज में बन सकता है शेल्टर होम
नगर निगम ने सिकंदरा स्मारक के पीछे 11 एकड़ में शूटिंग रेंज विकसित की थी, यह अब बंद है और इस जमीन का कोई इस्तेमाल भी नहीं हो रहा है। इस 11 एकड़ जमीन पर कुत्तों के लिए शेल्टर होम बन सकता है, नगर निगम अब इस जमीन पर कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनाने के लिए प्रयास कर रहा है, तकनीकी पक्ष देखने के बाद इसका प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
अस्पताल और नसबंदी केंद्र बनेगा, एक लाख से अधिक कुत्ते
शहर में एक लाख से अधिक कुत्ते हैं इनके लिए अस्पताल, नसबंदी केंद्र और रिकवरी वार्ड बनाने के लिए जमीन भी ज्यादा चाहिए। इस लिहाज से शूटिंग रेंज की 11 एकड़ जमीन कुत्तों के शेल्टर होम के लिए ठीक है। नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह के अनुसार, जल्द ही कुत्तों के शेल्टर होम के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।