आगरालीक्स…आगरा में वोटिंग परेसेंटेज कम तो किसका होगा नगर निगम. जानिए कितने वोट मिलने पर हो सकती है जीत…आप भी दें राय
आगरा में मतदान खत्म् हो गया है. आज सभी प्रत्याशियों ने अपने—अपने घर आराम किया लेकिन इसके साथ ही वे जीत—हार के गणित भी लगाते रहे. सबसे बड़ी चर्चा इस बात की हुई कि आगरा में वोट प्रतिशत केवल 37.07 रहा है. ऐसे में इतना कम प्रतिशत से कोई प्रत्याशी खुश हो रहा है तो किसी के माथे पर अभी से चिंताएं आने लगी हैं. हालांकि अपने—अपने गणित में सभी खुद को विजेता मानकर चल रहे हैं. मतदान समाप्त हो गया है और ईवीएम कड़ी सुरक्षा में कैद हो गई हैं. 13 मई को मतगणना में यह सामने आएगा कि आगरा का नया मेयर कौन होगा. किसके सिर पर ताज सजेगा और कौन—कौन हार का सामना करेगा.

भाजपा और बसपा में टक्कर
इस बार भी समीकरण ऐसे ही बन रहे हैं, विशेषज्ञों के अनुसार, मेयर पद पर भाजपा और बसपा में सीधी टक्कर बताई जा रही है. आज लोगों के बीच भी इन्हीं दोनों पार्टियों के बीच सबसे अधिक चर्चाएं देखी गईं. आंकलनकर्ता हर बिंदु पर विचार कर रहे हैं, किस क्षेत्र में कैसे वोट मिले इस आधार पर चुनावी गणित तैयार किए जा रहे हैं.
दो लाख तक वोट मिलने पर हो सकती है जीत
आगरा में इस बार 5.44 लाख लोगों ने अपने वोट का इस्तेमाल किया है. नगर निगम के चुनाव में मेयर पद पर आगरा में भाजपा और बसपा में टक्कर रही है, सपा भी दम दिखाती है. सपा के मजबूत होने से भाजपा की जीत का अंतर बढ़ जाता है. विशेषज्ञों की मानें तो अगर किसी मेयर प्रत्याशी को दो लाख तक वोट मिल जाते हैं तो उसकी जीत लगभग सुनिश्चित हो जाएगी. एक से डेढ़ लाख वोट मिलने पर मामला उलझ सकता है.
13 मई को होगा फैसला
मेयर के साथ ही 98 वार्ड के पार्षद प्रत्याशियों के नतीजे 13 मई को आएंगे प्रत्याशियों को बेसब्री से इंतजार है.
जानिए 2017 के इलेक्शन में किसे कितने मिले थे वोट
भाजपा के नवीन जैन को कुल 217881 वोट मिले थे और वो विजयी होकर आगरा के मेयर चुने गए थे.
दूसरे नंबर पर बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार दिगंबर सिंह धाकरे मैदान में थे जिन्हें 143559 वोट मिले थे.
तीसरे नंबर पर समाजवादी पार्टी के राहुल चतुर्वेदी रहे जिन्हें 49788 वोट मिले थे
चौथे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी चौधरी बशीर रहे थे जिन्हें कुल 35243 वोट मिले थे.
पांचवें नंबर पर कांग्रेस के विनोद बंसल रहे जिन्हें 22554 वोट मिले.
6वें नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी विमल रहे जिन्हें 10986 मत मिले थे
7वें नंबर पर रालोद के लोचन चौधरी रहे जिन्हें 5373 वोट मिले थे
8वें नंबर पर आम आदमी पार्टी की ओर से राजेश गुप्ता रहे जिन्हें 5219 मत मिले.
9वें नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी सुमन श्रीवास्तव रहीं जिन्हें 4834 मत मिले.
10वें नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी महावीर सिंह को 3421 वोट मिले थे
11वें नंबर पर स्वतंत्र जनताराज पार्टी की ओर से हरीश रहे जिन्हें 3360 मत मिले थे
12वें नंबर पर निर्दलीय प्रत्यशी अशोक रहे जिन्हें 2250 मत मिले थे
13वें नंबर पर निर्दलीय प्रत्यशी महेश चौधरी रहे जिन्हें सबसे कम 1295 वोट मिले थे.