आगरालीक्स…आगरा में सरहद पर खड़ी देश की सेना को किया सलाम. तिरंगा फहराकर भरा जोश..कविताओं के जरिए स्पाइसी शुगर ने वीर जवानों का बढ़ाया हौसला…
देश की सरहदों की रक्षा में जुटे वीर जवानों के सम्मान में स्पाइसी शुगर संस्था द्वारा होटल फेयरफील्ड बाय मैरियट, संजय प्लेस में एक विशेष आयोजन किया गया – "देश की सेना को सलाम"। कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा फहराने और दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. रंजना बंसल और संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने भाग लिया। पूनम सचदेवा ने वीर जवानों को समर्पित कविता की पंक्तियों से देशभक्ति का माहौल बना दिया –
"सरहद पर खड़ी है देश की सेना, जो सही मायने में है धड़कन वतन की…"
कार्यक्रम की सबसे विशेष और प्रतीक्षित प्रस्तुति रही सेलिब्रिटी स्टैंड-अप कॉमेडियन अंगद सिंह रानयाल की कॉमेडी, जिसने माहौल को हल्का-फुल्का बनाते हुए गहरी बातें कह डालीं।
उन्होंने मंच पर आते ही कहा, "सेना के जवानों के पास एक खास तरह की हिम्मत होती है… और हम दिल्ली वालों के पास ट्रैफिक में फंसे रहने की!" उनकी चुटीली टिप्पणियों में समसामयिक मुद्दों से लेकर दांपत्य जीवन, सोशल मीडिया, और यहां तक कि एफिल टॉवर जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रतीकों पर व्यंग्य भी शामिल था।
एक पल उन्होंने कहा, "पत्नी से बहस करना और बॉर्डर पर जाना – दोनों में फर्क सिर्फ वर्दी का है!"
उनकी बातों पर उपस्थितजन ठहाके लगाते रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि "तनावमुक्त जीवन का सबसे सरल मंत्र है – हर बात में हंसी ढूंढ़ना। अगर आप खुद पर हंस सकते हैं, तो दुनिया हरा नहीं सकती।" उन्होंने समसामयिक सामाजिक मुद्दे पर व्यंग करते हुए कहा कि आजकल दंपतियों ने एक नया ट्रेन बनाया है डबल इनकम जो किड्स इसके अंतर्गत संतान उत्पत्ति करना ही नहीं चाहते। मन की ममता को बहलाने के लिए पैट्स रखते हैं। इसके पीछे कारण है बढ़ी हुई स्कूल की फीस। हॉल में मौजूद महिलाएं, संस्थापक सदस्याएं और आगरा की समाजसेवी महिलाओं ने उनके हर पंच पर जमकर तालियां बजाईं। उनका अंदाज़ सहज था, लेकिन हर संवाद के पीछे गहरा अर्थ छिपा था – जिंदगी को हल्के फुल्के अंदाज़ में जीने का।
सभी सदस्याओं का स्वागत चांदनी ग्रोवर, पावनी सचदेवा, शिखा जैन, सिमरन अवतानी आदि ने किया।इस अवसर पर आस्था, आभा, अलका, अंजलि, अंकिता, बानी, डोली, गरिमा, गिन्नी, हरवानी, हरमीत, जसलीन, ज्योति, कविता, कोमिला, संगीता, मंजू, माला, मिनी, नीरू, पल्लवी, रेनू, पूजा, रश्मि, प्रीति, रिचा, श्वेता, स्नेहा, वर्षा, यामिनी, सोनाली आदि उपस्थित रहीं।