आगरालीक्स ….आगरा में एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, गैंगस्टर सटोरिया से दो लाख रुपये लेकर बिना अपराध के दो लोगों को अरेस्ट करने के मामले में तीन सब इंस्पेक्टर और तीन सिपाही सहित छह निलंबित।
आगरा के थाना जगदीशपुरा थाने की पुलिस ने 10 दिन पहले कोठी मीना बाजार स्थित रावत पेट्रोल पंप से जितेंद्र सिंह और अमित कुमार को पकड़ा था। इन दोनों को जुआ अधिनियम में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अमित और जितेंद्र को बिना अपराध के हिरासत में रखने और छोड़ने के लिए वसूली करने की शिकायत अधिकारियों को मिली थी, इसके बाद जांच कराई गई। जांच में मामला और बड़ा निकला।

गैंगस्टर सटोरिया से दो लाख रुपये लेकर दोनों को पकड़ा
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के अनुसार, इस मामले में जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि थाना जगदीशपुरा के पुलिसकर्मियों ने गैंगस्टर सनी कबाड़िया ने अमित और जितेंद्र को अरेस्ट कर जेल भेजने के लिए कहा, इसके लिए सनी कबाड़िया ने पुलिस कर्मियों को दो लाख रुपये दिए। दो लाख रुपये लेने के बाद थाना जगदीशपुरा पुलिस ने अमित और जितेंद्र को बिना अपराध के अरेस्ट कर लिया। दोनों को हिरासत में रखा, इन दोनों से भी छोड़ने के लिए पैसे मांगे गए लेकिन मामला आला अधिकारियों तक पहुंचने पर दोनों को जेल भेज दिया गया ।
तीन सब इंस्पेक्टर और तीन सिपाही निलंबित
इस मामले में प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने के बाद एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने
सब इंस्पेक्टर ऋषिपाल सिंह, मनोज कुमार, अर्जुन प्रताप सिंह और सिपाही राजीव कुमार, दीपक राणा व गौरव डागर को दोषी पाया गया है।जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया।
गैंगस्टर सनी को नहीं पकड़ सके, कोर्ट में किया था समर्पण
उधर गैंगस्टर सनी कबाड़िया पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, सनी पर 14 मुकदमे दर्ज हैं। अधिकांश मुकदमे जुआ अधिनियम में हैं। कई टीमें सनी की धरपकड़ में लगी हुई थी, सनी ने मंगलवार को कोर्ट में समर्पण कर दिया।