आगरालीक्स…आगरा में गोदाम के अंदर मिलीं 250 कंपनियों की प्रतिबंधित दवाएं. एसटीएफ और ड्रग डिपार्टमेंट ने जब्त की 43 बैग में 25 से 30 लाख की दवाएं…
आगरा में एसटीएफ ने 12 मई को ताजगंज क्षेत्र में एक घर में छापा मारा था, घर में पिनाहट निवासी सोनू अग्रवाल ने दो कमरे किराए पर लिए थे और उसमें सैंपल की दवाओं का गोदाम बना रखा था। टीम ने दो कमरों से बड़ी मात्रा में सैंपल की दवाएं जब्त की थी, इसके दो दिन बाद 14 मई को सिंगी गली में एक खाली प्लाट में सैंपल की दवाओं से भरे कार्टन फेंक दिए गए थे। इन दोनों मामलों में एसटीएफ ने मुकदमा दर्ज किया है और गोदाम संचालक सोनू अग्रवाल को अरेस्ट कर 13 मई को जेल भेज दिया था।


रिमांड पर लेने के बाद गोदाम पर मारा गया छापा
एसटीएफ और ड्रग डिपार्टमेंट की टीम ने सोनू अग्रवाल के राधा कृष्ण कालोनी, शमसाबाद रोड स्थित गोदाम को खोला। यह गोदाम एकता चौकी के पास बना हुआ था। मकान में संचालित इस गोदाम का मालिक कन्हैया गर्ग है जो कि सोनू अग्रवाल के भाई प्रवीन कुमार का साला है । टीम ने यहां से 250 कंपनियों की प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद किया है । टीम ने यहां से दवाओं को 43 बड़े प्लास्टिक बैग में एकत्रित करके उसे सील किया है । ड्रग डिपार्टमेंट के अनुसार जब्त की गई दवाओं की अनुमानित बाजार कीमत 25 से 30 लाख रुपये है ।