आगरालीक्स…आगरा में आया दो गधों के चोरी हो जाने का अजीब मामला. पुलिस में की गई शिकायत. आगे जो हुआ वो और भी अजीब…
दो गधों के चोरी होने का अजीब मामला सामने आया है. गधों के मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस में की. इससे पहले कि पुलिस गधों को ढूंढती, उनके मालिक ने ही अपनी रिश्तेदारी में बंधे दोनों गधों को पहचान निकाला. गधों को बरामद होने के बाद उन्हें लेकर थाने भी पहुंचा और कहा कि साहब, मेरे गधे मिल गए हैं.
यहां का है मामला
मामला पिनाहट का है. यहां के मोहल्ला थरी में रहने वाले कुम्हार महेंद्र के दो गधे छह महीने पहले चोरी हो गए थे. गधों को खूब तलाशा गया लेकिन वो नहीं मिले. इस पर महेंद्र ने इसकी मौखिक सूचना थाना पुलिस को भी दी. शनिवार को कुम्हार महेंद्र अपनी रिश्तेदारी में फिरोजाबाद के रामनगर गया तो वहां हरेंद्र के घर पर दो गधों को देखकर उसके होश उड़ गए, क्योंकि वो दोनों गधे उसी के थे. महेंद्र ने हरेंद्र से इन दोनों गधों के बारे में पूछा तो हरेंद्र ने बताया कि उसे यह दोनों गधे आवारा घूमते हुए मिले थे. महेंद्र दोनों गधों को अपने घर ले आया और गधों को लेकर थाने पहुंचा और यहां उनके बरामद होने की जानकारी पुलिस को दी.