आगरालीक्स…नए रूप में आगरा का सुभाष पार्क. तीन दिन फ्री एंट्री, किड्स प्ले एरिया, झूले, बच्चों के मनोरंजन हेतु इन्डोर प्ले गेम्स, ओपन एयर जिम का उठाएं आनंद
आज विश्व पर्यटन दिवस-2025 के अवसर पर मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग व जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शहर के आमजनों हेतु सुभाष पार्क 03 दिनों हेतु शुल्क मुक्त रखे जाने की घोषणा की है. आमजन परिवार सहित यहां आनंद उठा सकते हैं. गौरतलब है कि सुभाष पार्क जीर्ण-क्षीर्ण अवस्था में था, जिसको सुदृढ़ीकरण कर आकर्षक बनाया जाना आवश्यक था। सुभाष पार्क के सुदृढ़ीकरण एवं सौन्दर्गीकरण तथा लैण्डस्केपिंग कार्य कराया गया है, कुल लागत रू0 847.77 लाख से रू0 420.84 लाख की लागत से सुदृढ़ीकरण एवं सौन्दर्गीकरण कार्य, लागत रू0 426.93 लाख से लैण्डस्केप डिजाईनिंग का कार्य कराया गया है।
जानिए क्या है खास
पार्क के चारों तरफ लैण्डस्केपिंग जो आगन्तुकों का आकर्षित करती है। वातानुकूलित भवन के अन्तर्गत बच्चों के इन्डोर प्ले गेम्स, जिसमें कैरम, शतरंज, वीडियो गेम, टेबल टेनिस, फुटबॉल आदि स्थापित कराये गये हैं, जो बच्चों के लिए मनोरंजन का आकर्षण केन्द्र है। जिन महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर सुभाष पार्क का नाम रखा गया है, उस महान विभूति की मूर्ति की स्थापना इस पार्क में की गयी है। सुभाष पार्क में बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया, झूले, बच्चों के मनोरंजन हेतु इन्डोर प्ले गेम्स, चिट चैट जोन, ओपन एयर जिम, योगा एण्ड मेडीटेशन, जोन, स्टारगेजिंग जोन, पार्क में आकर्षण हेतु डैक बोर्ड आदि का निर्माण किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सी.सी.टी.वी. कैमरे व डिजीटल स्क्रीन भी स्थापित करायी गयी है तथा आगन्तुकों के लिये खान-पान हेतु फूड स्टॉल का निर्माण भी किया गया है।
मंत्री ने किया अनावरण
प्रभारी मंत्री ने सुभाष पार्क में हुए लैण्डस्केप, डिजाईनिंग, तथा सुदृढ़ीकरण एवं सौन्दर्यीकरण इत्यादि कार्यों का निरीक्षण कर परियोजनाओं का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद जिस तरह से लोगों की जीवन शैली में बदलाव आया, आज सभी स्वयं को स्वस्थ रखने के लिए जागरूक हुए हैं तथा वह प्रकृति के साथ जुड़ना चाहते हैं, उनके लिए यह सुभाष पार्क निश्चित रूप से वरदान साबित होगा, व्यापारी, व्यवसायी, राजनेता, युवा आदि अपने व्यस्त समय में से कुछ समय योग व्यायाम व प्रकृति के सानिध्य में दें, उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वस्थ नहीं रहता वह अपने किसी काम में सफल नहीं होता, सफलता की कुंजी स्वस्थता है, इस पार्क के द्वारा आगरा के वातावरण में स्वच्छता व प्रदूषण मुक्ति का एक संदेश देने का काम निश्चित रूप से होगा, हरा भरा वतावरण, सुन्दर वाटिकायें, शाम को टहलने के लिए सुन्दर स्थान, पाथवे बना है तथा एडीए द्वारा मनमोहक विभिन्न कृतियों के माध्यम से पार्क के सौन्दर्यीकरण का कार्य किया गया है, निश्चित रूप से आगरावासियों को ये जरूर आकर्षित करेगा।

उन्होंने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं की आगरा वासी अपने दैनिक जीवन से कुछ समय निकालकर अपने स्वास्थ्य के लिए इस पार्क का उपयोग करेंगे, आगरा एक एतिहासिक नगरी है। सीएम योगी के नेतृत्व में आगरा में इंफ्रास्ट्रक्चर, छात्रपति शिवाजी म्यूजियम, विभिन्न पर्यटन व ऐतिहासिक मंन्दिरों का जीर्णोद्धार कर पर्यटन विकास के कार्य किए गए हैं, पर्यटन और संस्कृति की बात करें तो बटेश्वर के घाटों व मन्दिरों का करोड़ो रूपये से विकास आगरा के चारों कोनो पर स्थित शिव मन्दिरों के विकास का कार्य किया जा रहा है।
शिवाजी महाराज आगरा के कोठी मीना बाजार में औरंगजेब की कैद में रहे थे, उसको अधिग्रहण कर विकास का प्रस्ताव सरकार द्वारा तैयार किया गया है, शिवाजी म्यूजियम पर भी तेज गति से निर्माण कार्य किया जा रहा है, मार्च तक डिजिटल विश्व स्तरीय म्यूजियम के कार्य की सौगात मिलेगी। आगरा का विकास रूकेगा नहीं, थमेगा नहीं, निरंतरता के साथ चलता रहेगा इसी आशा विश्वास के साथ आदरणीय मोदी व योगी जी के संकल्प को पूरा करने के लिए विश्व गुरू भारत, विकसित भारत, सम्पूर्ण विश्व का नेतृत्व करने वाला भारत बनाने हेतु मोदी व योगी जी के हाथ मजूब करें, मैं विश्वास दिलाता हूं आपके मान सम्मान विकास में कोई कमी नहीं होगी।