आगरालीक्स…आगरा का मौसम मई में भी सुपरकूल. हैरान हो रहे लोग लेकिन खुशनुमा मौसम भा रहा. जानिए बादल, बारिश और हवाओं से अभी इतने दिन गर्मी रहेगी कंट्रोल में
आगरा का मौसम मई में भी ठंडा बना हुआ है. हाल ये है कि आगरा के देहात क्षेत्रों में रात के समय अभी भी हल्की सर्दी का अहसास हो रहा है. पिछले कई दिनों से आगरा का मौसम ऐसा ही बना हुआ है. बादल, बारिश और तेज हवाओं के कारण गर्मी पूरी तरह से कंट्रोल में है. लोग इस मौसम का भरपूर आनंद ले रहे हैं. हालांकि मौसम के मिजाज को देखकर हर जगह चर्चाएं भी हो रही हैं. उनका कहना है कि मई में भीषण गर्मी पड़ती है लेकिन इस बार तो गर्मी ठीक से अभी तक पड़ी नहीं है.

आज भी आगरा का मौसम कुछ ऐसा ही रहा. दिन के समय तेज धूप निकली जिससे तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है लेकिन यह अभी भी सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को आगरा का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम है तो वहीं न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रहा और ये भी सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है.
मौसम विभाग की मानें तो आगरा में फिलहाल 7 मई तक गर्मी से राहत रहेगी. तेज हवाएं और बादलों के बीच बूंदाबांदी के कारण तापमान में कर्मी रहेगी. 7 मई के बाद आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है.