आगरालीक्स…. आगरा में स्वाइन फ्लू के लिए अलर्ट, कोरोना की तरह स्वाइन फ्लू की वैक्सीन आई, ताजमहल घूमने आ रहे पर्यटकों की स्क्रीनिंग, एसएन में बना 10 बेड का वार्ड।
यूपी के कई जिलों में स्वाइन फ्लू के लगातार नए केस मिल रहे हैं, स्वाइन फ्लू के केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बैठक की। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि स्वाइन फ्लू की वैक्सीन उपलब्ध है, 3500 वैक्सीन आ गई हैं। पहले चरण में स्वाइन फ्लू के मरीजों का इलाज करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसमें एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों को भी शामिल किया गया है। एसएन के 150 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी।

एसएन इमरजेंसी में बनाया गया वार्ड
स्वाइन फ्लू के संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में वार्ड बनाया गया है। 10 बेड के वार्ड में मरीज भर्ती कर इलाज किया जाएगा। स्वाइन फ्लू के मरीजों की जांच की सुविधा भी एसएन में की गई है।
ऐसे फैलता है स्वाइन फ्लू
एच1एन1 वायरस स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति के मुंह और नाक से निकलने वाले ड्रॉपलेट से स्वस्थ्य लोगों में फैलता है। संक्रमित मरीज से छह फीट तक बीमारी फैलने का खतरा है।
2019 में आए थे स्वाइन फ्लू के 227 केस
जिले में स्वाइन फ्लू के केस 2017 में सबसे ज्यादा आए थे, 2017 में स्वाइन फ्लू के 172 केस आए थे, इसके अगले साल 2018 में स्वाइन फ्लू के पांच नए केस मिले। जबकि 2019 में स्वाइन फ्लू के 227 केस आए थे।
स्वाइन फ्लू के लक्षण
मामूली खांसी-जुकाम बुखार
सांस लेने में तकलीफ, तेज बुखार, लिवर में समस्या। अन्य अंग भी ठीक से काम नहीं करते।