आगरालीक्स …Agra News: ये कैंसर के लक्षण हो सकते हैं, जान लें इन्हें खाना निगलने में परेशानी होना, मुंह में बार-बार छाले होना, खाना अटकना, पेशाब की आदत में बदलाव, पेशाब रुक-रुक कर आना, अनियमित रक्तस्राव, अधिक थकावट लगना, लंबे समय तक खांसी रहना और खांसने पर खून आना, महिलाओं में गंदे पानी की शिकायत, अपच, पेट का फूलना और बच्चों में बुखार लंबे समय तक रहना, शरीर में गिल्टियां होना, वजन कम होना, भूख न लगने जैसे लक्षण हैं तो सचेत हो जाएं, इन्हें नजरअंदाज नहीं करें। ( Agra News: Symptoms of cancer#Agra)
यह कैंसर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं। नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी स्क्रीनिंग कराएँ। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ॰ अरुण श्रीवास्तव ने विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर दी है।
भारत में कैंसर के मरीजों की संख्या में बीते कई साल में वृद्धि हुई है। कैंसर शरीर के विभिन्न भागों में हो सकता है जैसे मुंह का कैंसर, स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर इत्यादि। सही समय पर कैंसर के लक्षणों की पहचान कर इसका उपचार किया जा सकता है। लाइफस्टाइल में बदलाव, नियमित जांच और इस बीमारी के शुरूआती लक्षण को पहचान कर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी को दूर किया जा सकता है।
छूने से नहीं फैलता कैंसर
सीएमओ ने बताया कि कैंसर को लेकर कई लोगों में गलतफहमी भी है कि ये छूने से भी फैलता है। जिसके कारण लोग कैंसर के रोगियों से अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं, जो कि पूरे तरीके से गलत है।