आगरालीक्स…आगरा में होने जा रहा सबसे बड़ा ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’. पांच दिन तक छत्रपति शिवाजी के अमर जीवन का होगा मंचन..भूमिपूजन हुआ
“जाणता राजा” एक प्रसिद्ध महानाट्य है जो महान मराठा शासक छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके शासनकाल पर आधारित है. यह एक भव्य ऐतिहासिक नाटक है जो उनके जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को रंगमंच पर जीवंत करता है, जिसमें उनके जन्म से लेकर छत्रपति बनने तक की गौरव गाथा शामिल है. “जाणता राजा” का अर्थ एक बुद्धिमान और दूरदर्शी शासक है, और यह नाटक शिवाजी महाराज की युद्ध नीति, राज्य-व्यवस्था और देशभक्ति को दर्शाता है, जिससे दर्शक शिवाजी से प्रेरणा ले सकते हैं.
आगरा में होने जा रहा आयोजन
ताजनगरी के दिल में हिंदवी स्वराज्य की ज्वाला सुलगने वाली है! छत्रपति शिवाजी महाराज के अमर जीवन पर आधारित विश्व का सबसे भव्य ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ अब आगरा की धरती पर उतरेगा. सोमवार को नवरात्रि के पावन प्रथम दिन कार्यक्रम स्थल कलाकृति कन्वेंशन सेंटर, फतेहाबाद रोड पर भूमि पूजन के साथ इस महाकाव्य के आयोजन की तैयारियां विधिवत रूप से शुरू हो गईं. कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य और दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक श्रद्धेय आशीष गौतम भैया ने वैदिक संकल्पों के बीच भूमि पूजन किया। यह न केवल एक नाट्य-प्रदर्शन है, बल्कि स्वराज्य की भावना को जगाने वाला सांस्कृतिक संग्राम है.
पांच दिन तक चलेगा मंचन
दिव्य प्रेम सेवा मिशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम 4 से 9 अक्टूबर 2025 तक रोजाना सायंकालीन सत्रों में मंचित होगा, जहां दर्शक कुंभ जैसी दिव्यता का अनुभव करेंगे. 12 दिनों की साधना के बाद 4 अक्टूबर से स्वराज्य की गाथा गूंजेगी.” आसपास के 20 जिलों में 20 हजार से अधिक लोगों से प्रत्यक्ष संपर्क कर प्रचार किया गया है, जिसमें मातृ शक्ति एवं युवा सम्मेलन तथा व्याख्यान मालाएं शामिल हैं. आज से ही आयोजन स्थल पर भव्य मंडप में भगवान शिव की कलश स्थापना हो चुकी है. प्रतिदिन रुद्राभिषेक और दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ केंद्रीय कार्यालय भी यहीं स्थानांतरित हो गया है, जहां से सारी व्यवस्थाएं संचालित होंगी.