आगरालीक्स…आगरा से आबकारी विभाग को सितंबर तक वित्तीय वर्ष में 841 करोड़ का राजस्व मिला. त्योहार पर अवैध शराब की बिक्री, निर्माण एवं तस्करी पर सख्ती और तेज करने के आदेश
ज्यमंत्री, स्वतंत्र प्रभार, आबकारी तथा मद्य निषेध विभाग उ.प्र. नितिन अग्रवाल ने रविवार को आबकारी विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक की. इसमें बताया गया कि जनपद आगरा में प्रवर्तन कार्य कुल 502 अभियोग पंजीकृत किए गये तथा अवैध मदिरा कुल 10098 (ब.ली. में) बरामद की गई है तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह सितम्बर तक कुल 841 करोड़ राजस्व प्राप्त हुआ है.
बैठक में राज्यमंत्री ने त्यौहारों के दृष्टिगत निर्देशित किया कि मण्डल के सभी जिलों में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण एवं तस्करी पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित करें, सभी मदिरा दुकानों का शत-प्रतिशत व्यवस्थापन सुनिश्चित किया जाए, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मदिरा निकासी एवं प्रवर्तन कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए, अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध शराब की सूचना सक्रिय कंट्रोल रूम या हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि प्रशासन त्वरित कार्यवाही कर सके, साथ ही अवैध कारोबार पर पूर्ण नियंत्रण रखने के निर्देश दिए, ताकि अवैध शराब के निर्माण व बिक्री में संलिप्त लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर अग्रेतर कार्यवाही की जा सके. बैठक में राज्य मद्य निषेध परिषद के अध्यक्ष ब्रजेश शुक्ला, जिला आबकारी अधिकारी कृष्णपाल यादव सहित मंडल के सभी जिला आबकारी अधिकारी तथा आबकारी निरीक्षक मौजूद रहे.
जीएसटी में बदलाव पर 8 राज्यों के व्यापारी देंगे केंद्र सरकार को धन्यवाद
बैठक में मंत्री नितिन अग्रवाल ने व्यवसायियों तथा आमजन से भेंट कर कहा कि जीएसटी की दरों में बदलाव आप सभी के हित में है. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 20 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के तत्वावधान में 08 राज्यों के व्यापारियों द्वारा पीएम मोदी व केंद्र सरकार का सम्मेलन कर धन्यवाद दिया जाएगा, उन्होंने अलीगढ़,हाथरस कासगंज, मैनपुरी, मथुरा, फिरोजाबाद के व्यापारी भाइयों के साथ संगठन की बैठक की तथा धन्यवाद सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की.