आगरालीक्स…आगरा के पहले कमिश्नर आफ पुलिस के पास पहुंची पहली फरियादी युवती. कहा—शादी का वादा कर उसके साथ हुआ दुष्कर्म..नहीं हो रही सुनवाई
आगरा में कमिश्नरेट प्रणाली लागू हो गई है. आगरा के पहले पुलिस आयुक्त प्रीतिंदर सिंह ने चार्ज भी संभाल लिया है. आज उनके पास पहली फरियादी युवती पहुंची. उसने थाना सैंया क्षेत्र के एक युवक पर शादी का वादा कर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस इस मामले में सुनवाई नहीं कर रही है. कमिश्नर आफ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस से रिपोर्ट मांगी है.
ये लगाए आरोप
फरियादी युवती प्रयागराज की रहने वाली है. उसने पुलिस आयुक्त प्रीतिंदर सिंह को बताया कि वर्ष 2013 में उसकी मुलाकात थाना सैंया क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के सयम हुई थी. वह प्रयागराज आया था. परिचय होने के बाद वह उसके साथ फेसबुक पर जुड़ गया और दोनों के बीच बातचीत होने लगी. बाद में दोनों ने नंबर भी शेयर किया और व्हाट्सअप पर बात होने लगीं. युवक ने शादी का वादा किया और अपने परिजनों से भी मिलाया. रिश्ता स्वीकार होने के बाद उसने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहा. नवंबर 2021 में युवक ने उसे अपने एक रिश्तेदार की शादी में बुलाया और यहां नशीला पेय पिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. युवती का कहना है कि जब उसने शादी के लिए कहा तो मना कर दिया. बाद में युवक की नौकरी लग गई और वह 30 लाख रुपये दहेज में मांगने लगे. इतनी बड़ी रकम देने से मना किया तो शादी करने से मना कर दिया.

युवती ने कहा कि जून में उसने थाने में आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत की लेकिन पुलिस ने शिकायत पर अभियोग दर्ज नहीं किया. बल्कि युवक के परिजनों ने उसके खिलाफ अमानत में खयानत और चौथ वसूली के आरोप में प्राथमिकी लिखा दी. पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है.