आगरालीक्स…आगरा में पहली जूनियर नेशनल हैमर बॉल चैंपियनशिप हो रही है, कई प्रदेशों के 150 बालक—बालिका और 25 परीक्षक आए हुए हैं, लीग के साथ नॉकआउट मैच होंगे
आगरा में राष्ट्रीय हैमर बॉल संघ के तत्वाधान में उत्तर प्रदेश हैमर बॉल संघ द्वारा आगरा के गोवर्धन स्टेडियम में प्रथम जूनियर राष्ट्रीय हैमर बॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
यह प्रतियोगिता आज यानि 27 से 29 दिसंबर 2024 तक तीन दिनों तक चलेगी। आयोजन सचिव सीमा पाठक ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग में 150 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
सभी प्रतिभागियों के लिए होटल में रहने की व्यवस्था की गई है और प्रतियोगिता के दौरान गोवर्धन स्टेडियम में लीग मैचों के साथ-साथ नॉकआउट स्टेज के मैच भी आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय हैमर बॉल संघ के सचिव मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न प्रदेशों से 25 परीक्षक भी शामिल होंगे, जो कार्यशाला में भाग लेंगे।
कार्यशाला के मुख्य प्रशिक्षक दीपक श्रीवास्तव, राष्ट्रीय तकनीकी बोर्ड के अध्यक्ष हैं। इस कार्यशाला में हैमर बॉल की बारीकियों को सिखाया जाएगा और दो दिनों के अंत में इन प्रशिक्षकों की परीक्षा ली जाएगी। सफल प्रशिक्षकों को राष्ट्रीय हैमर बॉल संघ द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
इस आयोजन में जोगिंद्र देव आर्य, जगदीश सहोता, अनिल सहारे, विजयपाल, साजन सिंह राठौड़, रविंद्र कपिल आदि सहित उत्तर प्रदेश हैमर बॉल संघ के अध्यक्ष मुशाहिद खान और सचिव विजय श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।