आगरालीक्स…आगरा में कल निकलेगी ऐतिहासिक श्रीरामबारात. चारों भाइयों के विवाह की रस्में हुईं शुरू. देहरी पूजन हुआ, मेहंदी, हल्दी और लग्न हुई…
उत्तर भारत की ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को राम बारात से पूर्व, राजा दशरथ के लॉयर्स कॉलोनी स्थित अजय अग्रवाल(राजा दशरथ) के निज निवास पर श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों पर पारंपरिक विवाह रस्में सम्पन्न हुईं। बुधवार को ऐतिहासिक श्रीराम बारात निकलेगी लेकिन इससे पहले प्रथम चरण में राजा दशरथ की पुत्री शांता देवी के नाम से देहरी पूजन हुआ। अजय अग्रवाल (राजा दशरथ) और कल्पना अग्रवाल (रानी कौशल्या) ने आरती और तिलक के साथ चारों भाइयों का स्वागत किया। तत्पश्चात रानी कौशल्या की भूमिका निभा रहीं कल्पना अग्रवाल सहित आशिमा अग्रवाल, अनुकृति बिछोरिया, शगुन अग्रवाल, भावना अग्रवाल, आराध्या, नेहा, साक्षी, अंशिता, अलका आदि परिवार की महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए चारों स्वरूपों के हाथों में मेहंदी रचाई।
अपने पुत्रों के हाथों में विवाह की मंगल मेहंदी लगाते हुए देखा राजा दशरथ और रानी कौशल्या गौरवान्वित ही हो रहे थे और भावुक भी। मेहंदी से पूर्व तेल और हल्दी की रस्म सम्पन्न हुई। उबटन और हल्दी से चारों स्वरूपों का श्रृंगार कर उनका मंगल आशीर्वाद किया गया। इस अवसर पर पूरा माहौल मंगलगीतों और चौपाइयों से गूंज उठा –
“सुनहु सखी, साजन सजीवन्हि, आवहु करहुं सखि मंगल गान॥”
राजा दशरथ का आमंत्रण
राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे अजय अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा यह महोत्सव हमारी आस्था और संस्कृति का जीवंत उत्सव है। श्रीराम विवाह की रस्में मर्यादा, प्रेम और एकता का संदेश देती हैं। अब समय आ गया है कि संपूर्ण आगरा श्रीराम की बारात में सम्मिलित होकर इस दिव्य यात्रा का साक्षी बने।
यह रहे उपस्थित
मंगल रसों के अवसर पर शगुन लेकर डॉ रंजना बंसल पहुंचीं। राजा दशरथ परिवार के अनुभव अग्रवाल, ईवान्या, अगस्त्य, पीयूष बिछोरिया, अंचल अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, अविरल, अविचल, अन्वेष, अंशुल, निलेश, कौशल शर्मा सहित श्री रामलीला कमेटी के मनोज अग्रवाल पोली भाई, राहुल गौतम आदि उपस्थित रहे।