आगरालीक्स…अजब इश्क, शादीशुदा प्रेमिका के लिए 22 घंटे तक हाइटेंशन लाइन के टावर पर बैठा रहा प्रेमी. इस शर्त पर उतरा नीचे
आगरा में एक युवक ने शादीशुदा प्रेमिका के लिए हदें पार कर दी. युवक हाइटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और 22 घंटे तक यहां बैठा रहा. इस दौरान पुलिस ने काफी प्रयास किए उसे उतारने के लिए लेकिन वो नीचे नहीं उतरा. प्रेमी युवक बिजली के तार छूकर जान दे देने की धमकी देता रहा. आखिरकार एक शर्त पर वह 22 घंटे बाद टावर से नीचे उतरा.
मामला गांव धारापुरा का है. यहां रहने वाली कासन देवी का भाई नगला प्रेमा ताजगंज निवासी सत्यम पिछले छह महीने से रह रहा था. रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह यमुना नदी के किनारे पहुंचा और वहां पर लगे हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया. इसकी जानकारी हुई तो लोग जुट गए. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने सत्यम से टावर पर चढ़ने का कारण पूछा तो उसने बताया कि वह एक युवती से प्यार करता है, मगर उसके घरवाले राजी नहीं है. उसे घर में कैद कर लिया है. प्रेमिका को उससे मिलने नहीं दे रहे हैं. उसे बुलाने पर ही वह टावर से उतरेगा. इस पर पुलिस और लोगों ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वो नीचे आने को तैयार नहीं हुआ. बल्कि और ऊपर जाने लगा.
सूचना पर थाना फतेहाबाद पुलिस ने दमकल को बुला लिया. लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक से बात करने की कोशिश की. इस पर सत्यम ने एक पर्ची पर अपने फोन नंबर और प्रेमिका का फोन नंबर लिखकर नीचे फेंका. सत्यम ने कहा कि जब तक उसकी प्रेमिका नहीं आती वह नीचे नहीं उतरेगा. रात तक पुलिस उसे उतारने की कोशिश में जुटी रही लेकिन युवक नहीं उतरा.
शादीशुदा है प्रेमिका
पुलिस को पता चला है कि उसकी प्रेमिका शादीशुदा है और उसकी एक रिश्तेदार है. शादीशुदा होने के बाद भी वह उसका पीछा नहीं छोड़ रहा है. वहीं ग्रामीणों ने कहा कि वहएक बार नीचे उतर आए तब वह युवती को बुला लेंगे. इस पर वह कहने लगा कि पुलिस उसे पीटेगी. पुलिस चली जाए तो वह उतर आएगा. इस पर पुलिसकर्मी वहां से चले गए. हालांकि इसके बाद भी वह नहीं उतरा. सोमवार सुबह ग्रामीणों ने किसी तरह उसे उतार लिया. पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है.