आगरालीक्स…आगरा में जान बचाने वाले की चली गई जान. कुएं में गिरे युवक को बचाने के लिए उतरा, युवक को बाहर निकाला लेकिन खुद नहीं निकल सका…निकला शव
आगरा के किरावली—अछनेरा मार्ग पर जान बचाने वाले की जान चली गई. कुएं में गिरे एक युवक को बचाने के लिए रस्सी के सहारे राजेंद्र उतरा. कुएं में गिरे युवक को बाहर निकाल दिया लेकिन राजेंद्र खुद नहीं निकल सका. बाद में कुएं के अंदर से उसका शव बाहर निकला. जहरीली गैस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस और दमकल कर्मचारी मूकदर्शक बनकर देखते रहे.जानिए क्या है मामला
कस्बे का रहने वाला राकेश सोमवार दोपहर 2 बजे कुएं की दीवार पर बैठा हुआ था. अचानक वह अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गया यह देखकर लोगों की भीड़ लग गई. पुलिस को सूचना दी तो पुलिस भी आ गई. इसी दौरान वहां गांव भड़ीरी का रहने वाला राजेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गया. राजेंद्र बिना देर किए रस्सी के सहारे कुएं में उतर गया. उन्होंने राकेश को रस्सी से बांध दिया और ग्रामीणों ने उसे खींच लिया. इसी दौरान राजेंद्र दलदल में फंस गया और कुएं से बाहर नहीं निकल सका. जहरीली गैस की वजह से अचेत हो गया. दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाई और एक रस्सा लगाया. कुछ युवकों की सहायता से राजेंद्र को कुएं से बाहर निकाला और उसे अस्पताल लेकर गए लेकिन यहां उसकी मौत हो गई.
राजेंद्र सिंह (38) के दो बेटे और दो बेटियां हैं। सबसे बड़ी बेटी 12 साल की है. घर में कमाने वाला और कोई नहीं है. उसके पिता की तीन महीने पहले ही मृत्यु हुई थी. वो निर्माण कार्यों का ठेका लेता था. घटना से परिवार में कोहराम मचा है. लोगों का कहना है कि अंजान युवक को बचाने में राजेंद्र की जान चली गई. इससे पहले भी उसने नदी में डूबते कई लोगों को बचाया था.