आगरालीक्स…आगरा की सड़कों पर गूंजे वंदे मातरम और भारत माता की जय के देशभक्ति नारे. एसएन मेडिकल कॉलेज से निकाली विशाल तिरंगा यात्रा. एमबीबीएस और नर्सिंग स्टूडेंट्स ने दिखाया जोश
स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाते हुए, सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एस.एन.एम.सी.), आगरा के तत्वावधान में आज दिनांक 12 अगस्त 2025, मंगलवार को एक विशाल "तिरंगा यात्रा" का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। एस.एन. मेडिकल कॉलेज के एम.बी.बी.एस. और नर्सिंग के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित इस यात्रा में राष्ट्रभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।यह विशाल तिरंगा यात्रा आज प्रातः 7:00 बजे सूरसदन, संजय प्लेस से प्रारंभ हुई। सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ जैसे देशभक्तिपूर्ण नारों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस यात्रा ने शहरवासियों, विशेषकर युवाओं को 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया और स्वतंत्रता के महत्व का एक जीवंत संदेश दिया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने छात्रों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, "यह अत्यंत गर्व का विषय है कि हमारे भावी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी अपनी पढ़ाई के साथ-साथ राष्ट्रीय पर्वों में भी इतनी सक्रियता और उत्साह से भाग ले रहे हैं। इस भव्य यात्रा के माध्यम से हमारे छात्रों ने समाज में राष्ट्रप्रेम का एक सकारात्मक संदेश प्रसारित किया है।"