आगरालीक्स…आगरा में रेस्टोरेंट संचालक को पड़ोसी कारोबारी ने लगाया चूना. फर्जी बैंक मैसेज और ड्राफ्ट दिखाकर ले लिए डेढ़ करोड़ रुपये उधार…अब तकादा करने पर
आगरा में रेस्टोरेंट संचालक को पड़ोसी मीट कारोबारी ने चूना लगा दिया. फर्जी बैंक मैसेज और डिमांड ड्राफ्ट दिखाकर धीरे—धीरे डेढ़ करोड़ रुपये उधार ले लिए. जब रेस्टोरेंट संचालक ने तकादा किया तो उसे चेक दिया लेकिन चेक बाउंस हो गया. इस पर पीड़ित ने पुलिस आयुक्त में शिकायत की जिसके बाद पुलिस में केस दर्ज कर लिया है. रेस्टोरेंट संचालक का आरोप है कि तकादा करने पर धमकी दी जा रही है.यहां का है मामला
तोपखाना नाई की मंडी में रहने वाले दो भाई मो. अमान और मो. फरमार रेस्टोरेंट चलाते हैं. इनके पड़ोस में मो. शराफत का मीट निर्यात का कारेाबार है. इसमें उनके बेटे मो. शारिक, मो. बिलाल, पत्नी शमीम बानो और बेटी भी कारेाबार में शामिल हैं. ये सभी एमएस एग्रो फूड्स फर्म में साझेदार हैं. रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि पड़ोसी होने के कारण इनसे पारिवारिक संबंध हैं. आरोपियों ने संबंधों के आधार पर उनकी फर्म गालिब रेस्टोरेंट से कई बार रुपये उधार लिए. दिसंबर 2024 तक उनके द्वारा 55 लाख रुपये तक का उधार ले लिया गया था. तकादा करने पर आरोपियों ने 55 लाख का चेक दिया जिस पर 31 जनवरी की तारीख लिखी थी. इसके बाद कारोबार के नाम पर मिलकर आरोपियों ने बैंक का फर्जी मैसेज भी दिखाया. इसमें बताया कि बैंक खाते में 2.63 करोड़ रुपये जमा हैं. इसके बाद एक बैंक का 3.5 करोड़ रुपये का फर्जी डिमांड ड्राट का फोटो भेजा. इस तरह धीरे—धीरे धोखाधड़ी कर डेढ़ करोड़ रुपये उधार ले लिए.
रेस्टोरेंट संचालक ने जब उनके द्वारा दिए गए चेक को बैंक में लगाया तो वो बाउंस हो गया. जानकारी करने पर पता चला कि आरोपियों की फर्म का बैंक खाता पहले ही ब्लॉक किया हुआ है. आरोप है कि आरोपी तकादा करने पर अब जाने से मारने की धमकी दे रहे हैं. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.