आगरालीक्स…आगरा में युवक को सड़क पर मिला मोबाइल. मंगेतर को दे दिया गिफ्ट में. अब घूमा पुलिस का फोन तो उड़ गए होश. मंगेतर से न टूटे रिश्ता इसके लिए पुलिस से लगाई ये गुहार
रास्ते में पड़ा मिला मोबाइल एक युवक को अपनी मंगेतर को गिफ्ट में देना भारी पड़ गया. मंगेतर पर पुलिस का फोन पहुंच गया, जिसके बाद युवक के संपर्क किया गया तो उसके होश उड़ गए. युवक ने किसी तरह मंगेतर से मोबाइल लिया और फिर उसे नया मोबाइल लेकर दिया. यह मोबाइल युवक ने आगरा पुलिस को सौंपा और गुहार लगाई कि ये बात उसकी मंगेतर तक न पहुंचे, वरना रिश्ता टूट जाएगा.

थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में फैक्ट्री में काम करने वाले एक युवक का तीन महीने पहले मोबाइल रास्ते में गिर गया था. युवक ने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी. मोबाइल बरामद करने के लिए पुलिस की सेल ने मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिया. दो महीने पहले मोबाइल के चालू होने पर पुलिस क्रिय हो गई और पुलिस ने फोन नंबर लगा दिया. काल किसी महिला ने रिसीव की और उसने बताया कि यह मोबाइल उसके मंगेतर ने उसे गिफ्ट में दिया है.
इस पर पुलिस ने युवती से उसके मंगेतर के बारे में जानकारी ली और पुलिस ने युवक से संपर्क किया. पुलिस ने बताया कि जिस मोबाइल को उसने अपनी मंगेतर को गिफ्ट में दिया है वह किसी और का है. उसकी शिकायत दर्ज है. यह सुनते ही युवक के होश उड़ गए. वह शाम को ही मोबाइल लेकर पुलिस के सामने हाजिर हो गया. युवक के साथ उसके दोस्त भी थे. युवक ने बताया कि मोबाइल महंगा होने के चलते अपनी मंगेतर पर प्रभाव जमाने के लिए उसे दे दिया था. अब उसने मंगेतर को एक नया मोबाइल खरीदकर दिया है और उसके बाद यह मोबाइल बहाने से वापस लेकर आया है. युवक और उसके दोस्तों ने पुलिस से गुहार लगाई कि वह इस बारे में उसकी मंगेतर को कुछ नहीं बताए, नहीं तो गलत प्रभाव पड़ेगा और रिश्ता तक टूट सकता है.