आगरालीक्स…आगरा मंडल के रेलवे स्टेशनों पर टिकट चेकिंग. 20 दिन में 1.86 करोड़ से अधिक का जुर्माना वसूला..
आगरा मंडल के प्रभारी मुख्य टिकट निरीक्षकों एवं टिकट जांच स्टाफ द्वारा मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों एवं विभिन्न रेल खंडों पर दिनांक 01 जुलाई 2026 से 20 जुलाई 2026 तक विशेष टिकट जांच अभियान मिशन मोड में चलाया गया। इस दौरान रनिंग ट्रेन चेक, स्पॉट चेक, किलेबंदी चेक एवं मजिस्ट्रेट चेक जैसे विभिन्न सघन जांच अभियान संचालित किए गए, जिनका उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण, रेलवे राजस्व की सुरक्षा तथा यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस विशेष अभियान के दौरान आगरा मंडल ने 9,807 बिना टिकट यात्रियों से कार्रवाई करते हुए रु.1.06 करोड़ का राजस्व अर्जित किया। वहीं 9,769 अनियमित यात्रियों से रु.78.35 लाख, बिना बुक सामान के 8 मामलों से रु.3,065 तथा 1,681 गंदगी (लिटरिंग) के मामलों में रु.1.71 लाख का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 21,265 मामलों में कार्रवाई करते हुए आगरा मंडल ने रु.1.86 करोड़ का कुल राजस्व अर्जित किया। जन संपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के टिकट जांच अभियान मण्डल में निरंतर चलाये जायेंगे, जिससे मंडल के अंतर्गत अनियमित यात्रा करने बाले यात्रियों पर रोक लगाई जा सके ।