आगरालीक्स...आगरा में दीपावली त्योहार को लेकर कड़ी सुरक्षा. बाजारों में बढ़ी फोर्स की तैनाती, गश्त. सिटी जोन में 103 चेकिंग पॉइंट बनाए. 13 प्रवेश मार्गों पर विशेष निगरानी, ज्वेलर्स की दुकानों की सुरक्षा परख रहे एसीपी
धनतेरस और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए आगरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। त्योहारों के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सिटी जोन में सुरक्षा के मद्देनजर 103 चेकिंग पॉइंट चिन्हित किए गए हैं। यहां बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत सिटी जोन के 13 प्रवेश मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। इन मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की जांच की जाएगी। वहीं, शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई जाएगी, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। त्योहारों पर खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंचने वाले लोगों और व्यापारियों की सुरक्षा को भी पुलिस ने प्राथमिकता में रखा है। खासतौर पर ज्वेलर्स की दुकानों और सराफा बाजारों में सुरक्षा इंतजामों को परखा जा रहा है। इसके लिए सभी एसीपी अपने-अपने सर्किल में ज्वेलर्स की दुकानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। दुकानदारों को भी सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर एंटी रोमियो टीमें सक्रिय रहेंगी। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के साथ महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी रखी जाएगी। एडिशनल डीसीपी मनोज कुमार ने बताया कि धनतेरस और दीपावली को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की गई है। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और नियमित चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी।