आगरालीक्स…Agra News: गर्भावस्था में सिगरेट, तंबाकू का सेवन घातक हो सकता है, इससे गर्भवती के साथ ही गर्भस्थ शिशु को खतरा रहता है। ( Agra News: Tobacco dangerous for pregnant#Agra )
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरीपर्वत वेस्ट की ओर से राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के दौरान, तंबाकू नियंत्रण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई, जिनमें तंबाकू के उपयोग के खतरे, तंबाकू नियंत्रण के नीतिगत उपाय, और तंबाकू नियंत्रण के लिए सामुदायिक भागीदारी की आवश्यकता शामिल हैं।
कार्यशाला का उद्देश्य तंबाकू और धूम्रपान से होने वाले घातक रोगों के बारे में लोगों को जागरूक करना था। आयोजित कार्यशाला में महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान तंबाकू सेवन से मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभावों से संबंधित जानकारी भी दी गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तंबाकू और धूम्रपान से फेफड़े, मुंह, और गले का कैंसर हो सकता है। इसके अलावा धूम्रपान करने से हृदय रोग, स्ट्रोक, और फेफड़ों की बीमारियां हो सकती हैं। स्वस्थ जीवन जीने के लिए तंबाकू सेवन से बचें। तंबाकू से बचाव के लिए आसपास के लोगों को जानकारी देकर तंबाकू नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अपना सहयोग अवश्य प्रदान करें।
ऐसे छोड़ सकते हैं तंबाकू की लत
• तंबाकू का सेवन छोड़ने के लिए मनोचिकित्सक की मदद ले सकते हैं।
• इसकी लत धीरे-धीरे छोड़ने की बजाय दृढ़ इच्छाशक्ति से एक बार में छोड़ देना चाहिए। शराब से दूरी बना कर तंबाकू छोड़ सकते हैं।
• इलायची, अनार दाने की गोलियां, भुनी हुई सौंफ, मिस्री जैसी वैकल्पिक चीजों का सेवन कर भी तंबाकू छोड़ा जा सकता है।
• निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी, योग, प्राणायाम और मोबाइल एप्स की मदद से भी यह लत छोड़ सकते हैं
माँ पर प्रभाव
• उच्च रक्तचाप और हृदय रोग, तंबाकू का सेवन रक्तचाप बढ़ा सकता है, जिससे हृदय संबंधी समस्याएँ हो सकती हैं।
• गर्भपात का खतरा, तंबाकू में मौजूद हानिकारक रसायन गर्भपात की संभावना को बढ़ा सकते हैं।
• असमय प्रसव, तंबाकू सेवन से समय से पहले प्रसव होने की आशंका रहती है, जिससे माँ और शिशु दोनों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
शिशु पर प्रभाव
• कम वजन का जन्म
• श्वसन संबंधी समस्याएँ
• मस्तिष्क और स्नायविक विकास पर असर
• अचानक शिशु मृत्यु सिंड्रोम (SIDS)