आगरालीक्स…आगरा में 44 डिग्री तापमान, आसमान से बरसती आग और हीट वेव के बीच जाम में फंसे स्कूल के छात्र और लोग, हाईवे पर लगा जाम, सूखे हलक.

आगरा में गुरुवार को दिन निकला ही था कि धूप ने अपने तल्ख तेवर दिखाने शुरू कर दिए। दोपहर होते-होते सूरज आग उगलने लगा। 44 डिग्री तापमान और हीट वेव के बीच गुरूवार की दोपहर हाईवे पर जाम लग गया। सैकड़ों लोग फंसे रहे। गुरूद्वारा गुरू का ताल से कामायनी हाॅस्पिटल तक हाईवे जाम हो गया। दोपहिया वाहनों पर जाम में फंसे लोगों के हलक सूख उठे। बताया जा रहा है कि सर्विस मार्ग पर आडे़-तिरछे वाहन फंसने की वजह से जाम के हालात पैदा हुए। देखते ही देखते हाईवे की दूसरी लेन में जाम के हालात बनने लगे। कई लोग एक-दूसरे पर झुंझलाहट निकालते दिखे तो कई जगह गाड़ियां रोड के किनारे खड़ी कर छांव तलाशने लगे। कुछ चैपहिया और दोपहिया वाहनों में इतनी भीषण गर्मी के बीच बच्चे और महिलाएं भी फंसे दिखाई दिए।
11 से दोपहर दो बजे के बीच में लग रहा जाम
स्कूलों की छुटटी 10.30 बजे के बाद होने लगती है। ऐसे में हाईवे से लेकर एमजी रोड सहित अधिकांश मार्गों पर सुबह 11 से दोपहर दो बजे के बीच में जाम लग रहा है। ट्रैफिक लोड बढ़ने से तेज धूप में वाहन चालक फंस रहे हैं, सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल की छुटटी के बाद घर लौट रहे बच्चों को हो रही है।