आगरालीक्स…आगरा में दर्दनाक हादसा. छह महीने की बेटी को लेकर सड़क किनारे जा रही मां को ट्रक ने रौंदा. दोनों की मौत..बाइक पर खड़ा देखता रह गया भाई
आगरा में शुक्रवार शाम को दर्दनाक हादसा घटित हुआ है. थाना सैंया क्षेत्र में एक महिला और उसकी छह माह की बच्ची को ट्रक ने रौंद दिया. हादसे में मां और बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. महिला अपने भाई के साथ ससुराल जा रही थी और रास्ते में बाइक को रुकवाकर लघुशंका के लिए सड़क किनारे जा रही थी. तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया. हादसे को अपने सामने देख भाई सहम गया और बुरी तरह से बिलखने लगा.
घटना थाना सैंया के इरादतनगर मार्ग स्थित ग्राम रजपुरा के पास की है. जोधापुरा जाजऊ थाना सैंया की रहने वाली 23 वर्षीय रजनी पत्नी योगेश अपने भाई रामसेवक के साथ बाइक से ससुराल गढ़ी खाढरा थाना शमसाबाद जा रही थी. रजनी की गोद में उसकी छह माह की बेटी भी थी. बताया जाता है कि ग्राम रजपुरा के पास रजनी ने लघुशंका जाने के लिए बाइक को रुकवा ली. इसके बाद रजनी सड़क किनारे बेटी को सााि लेकर जा रही थी कि तभी तेज रफ्तार से सैंया की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

अपने सामने घटित इस हादसे को भाई रामसेवक देखकर अवाक रह गया. घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई. बहन और भांजी की मौत के बाद भाई सड़क किनारे ही बुरी तरह से बिलखने लगा. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मां और बेटी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. वहीं ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है. मृतका रजनी की शादी दो साल पहले शमसाबाद के गांव गढ़ी खाढरा के रहने वाले योगेश के साथ हुई थी.