आगरालीक्स…आगरा में छात्राओं के पास भेजे अश्लील मैसेज और वीडियोज. महिला प्रोफेसर के नाम आए मैसेज. अब छात्राओं को किया जा रहा ब्लैकमेल.
आगरा में साइबर क्राइम की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. महिला प्रोफेसर के नाम से भेजे गए मैसेज के जरिए साइबर अपराधियों ने कई छात्राओं के वाट्सअप एकांउट्स हैक कर लिया और उनकी निजी चैट को पढ़ लिया. अब छात्राओं के पास अश्लील मैसेजेस और वीडियो भेज कर व उनकी निजी चैट को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है. डिप्रेशन में आईं छात्राओं ने इसकी जानकारी महिला प्रोफेसर को दी है जिसके बाद साइबर सेल में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई है. साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ये है पूरा मामला
मामला शहर के एक महाविद्यालय से जुड़ा हुआ है. करीब दो सप्ताह पहले कॉलेज की एक सहायक महिला प्रोफेसर की वाट्सअप पर डीपी लगाकर कई छात्राओं के पास मैसेज भेजे गए और उन्हें ओटीपी भेजा गया. छात्राओं ने शिक्षिका द्वारा मैसेज भेजे जाने की बात जानकर ओटीपी बता दिया. इसके बाद साइबर अपराधियों ने करीब आधा दर्जन छात्राओं के वाट्सअप एकाउंट्स को हैक कर लिया और फिर इनके पास अश्लील मैसेजेस और वीडियोज भेजे जाने लगे. यही नहीं छात्राओं की निजी चैट को पढ़ लिया गया जिसके बाद शातिरों ने सभी छात्राओं को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
सदमे में आई छात्राओं ने इसकी जानकारी सहायक महिला प्रोफेसर को दी जिसे जानकर महिला प्रोफेसर के भी होश उड़ गए. छात्राओं ने बताया कि दो सप्ताह से उनके पास अश्लील मैसेज और वीडियो भेजे जा रहे हैं. निजी चैट को पढ़कर अब उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है. इस पर सहायक महिला प्रोफेसर ने साइबर सेल में इसकी शिकायत की है. तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है.