आगरालीक्स…भीषण गर्मी के बीच ट्रेनें फुल. टिकट को लेकर मारामारी. इन राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में नहीं मिल रही कंफर्म सीट
यूपी सहित देश के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. लेकिन इस भीषण गर्मी के बावजूद आगरा से होकर जाने वाली ट्रेनें हाउसफुल जा रही हैं. आगरा से कई राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ इतनी अधिक है कि लोगों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है. गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं और लोकसभा चुनाव का भी अंतिम चरण करीब आने को है. ऐसे में बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों के शहरों से अपने गांव गए हुए लोग वापस अपने काम पर लौट रहे हैं.
इन राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनें हाउसफुल
दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू—कश्मीर, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान
लगभग सभी ट्रेनों में बुकिंग फुल
जून के पहले सप्ताह से ही लगभग सभी ट्रेनों की बुकिंग पूरी तरह से फुल हो गई है. भीषण गर्मी के चलते ट्रेनों के एसी कोच भी पूरी तरह से फुल हो गए हैं. ऐसे में गर्मी की छुट्टियां मनाने गए यात्रियों के पास अब तत्काल या फिर स्पेशल ट्रेनों का ही भरोसा है. ट्रेनों में जून के आखिरी तक टिकटों की वेटिंग चल रही है. इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात से दिल्ली होकर बिहार और यूपी जाने वाली ट्रेनों में भी सीट उपलब्ध नहीं है. इन ट्रेनों में भी स्लीपर श्रेणी की सीट फुल है.